Top News Today, 05 April 2023: आप अपनी भागदौड़-भरी जिंदगी में शायद कई बड़ी और अहम खबरों से चूक जाते हों। ऐसे हम आपके लिए लेकर आए हैं, आज शाम छह बजे तक के प्रमुख समाचारों का लेखा-जोखा। आप इसमें अभी तक की जरूरी खबरों से रू-ब-रू हो सकते हैं। पढ़िए, आज के अहम समाचार:
केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर 14 राजनीतिक दलों की ओर से दायर अर्जी पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करने से इंकार कर दिया। इसके बाद विपक्ष ने अपनी अर्जी वापस ले ली। बता दें कि कांग्रेस के नेतृत्व में 14 दलों की ओर से दायर अर्जी में जांच एजेंसियों का कथित रूप से दुरुपयोग करने का आरोप केंद्र सरकार पर लगाया गया है।
शराब घोटाले मामले में जेल में बंद दिल्ली पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत फिर बढ़ गई है। दिल्ली आबकारी नीति मामले को लेकर ED के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 17 अप्रैल, 2023 तक बढ़ा दी है। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद यह फैसला सुनाया। अब उनकी जमानत की अर्जी पर सुनवाई 12 अप्रैल को होगी।
आज बुधवार 5 अप्रैल को शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निफ्टी 17550 के ऊपर बंद हुआ। सेंसेक्स ने भी लंबी छलांग लगाई। आज जिन सेक्टरों के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ी कमाई कराई, उनमें कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी शामिल हैं। इन सेक्टरों के इंडेक्सेज में 1-2 फीसदी की तेजी आई।
रिलायंस ग्रुप ने भारतीय सिंडिकेट लोन के इतिहास की सबसे बड़ी डील की है। ग्रुप की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और उसकी दूरसंचार इकाई जियो इन्फोकॉम ने विदेशी मुद्रा कर्ज के रूप में विभिन्न बैंकों के समूह से दो बार में कुल पांच अरब डॉलर जुटाए हैं। जो भारत के कॉरपोरेट इतिहास में सबसे बड़ा सिंडिकेट कर्ज है।
फोर्ब्स ने दुनिया के अरबपतियों की ताजा लिस्ट जारी कर दी है। साल 2023 की लिस्ट में भारतीयों ने एक बार फिर से डंका बजाया है। इस लिस्ट में 169 भारतीयों को जगह मिली है। जिसमें 16 नए भारतीय हैं। इसमें निखिल कामथ तो मात्र 36 साल में इस लिस्ट में पहुंच गए हैं। वैसे तो भारत की पाकिस्तान से कोई तुलना नहीं है। लेकिन फिर भी गाहे बगाहे तुलना हो जाती है। और हर बार ती तरह वह मात खा जाता है। फोर्ब्स की 2640 लोगों की लिस्ट में एक भी पाकिस्तानी को जगह नहीं मिली है।
देश में कोरोना एक बार फिर से विकराल हो गया है। एक दिन में दैनिक मामलों में 46% की वृद्धि दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 4435 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि मंगलवार को 3038 मामले सामने आए थे। इतनी बड़ी संख्या में सामने आए कोरोना मरीजों ने हाहाकार मचाकर रख दिया है। आंकडों के मुताबिक, अब देश में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 23091 पहुंच गई है।
केरल की एक ट्रेन में आग लगाकर तीन लोगों को जिंदा जलाकर मारने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान शाहरुख सैफी के रूप में हुई है। रत्नागिरी पुलिस और महाराष्ट्र एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में उसे रत्नागिरी रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया है।
तेलंगाना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सियासी घमासान मच गया है। आगामी चुनाव को लेकर बीजेपी और बीआरएस में संग्राम छिड़ा है और दिनोंदिन ये चरम पर पहुंच रहा है। बीजेपी की तेलंगाना शाखा के प्रमुख बंडी संजय कुमार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य के दौरे से कुछ दिन पहले बुधवार आधी को करीमनगर स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया गया।
निजी रॉकेट निर्माता स्काईरूट एयरोस्पेस ने अपने 3डी प्रिंटेड क्रायोजेनिक इंजन धवन-2 का 200 सेकंड तक सफलतापूर्वक परीक्षण किया। स्काईरूट एयरोस्पेस के अनुसार, कंपनी के स्वदेशी रूप से विकसित मोबाइल क्रायोजेनिक इंजन परीक्षण पैड का उपयोग करके नागपुर, महाराष्ट्र में सौर उद्योग प्रणोदन परीक्षण सुविधा में परीक्षण किया गया था। यह उपलब्धि नवंबर 2022 में विक्रम-एस के लॉन्च के बाद आई है, जिसने स्काईरूट को अंतरिक्ष में रॉकेट भेजने वाली पहली भारतीय निजी कंपनी बना दिया।
गुजरात टाइटंस ने श्रीलंका के सीमित ओवरों के कप्तान दासुन शनाका को चोटिल केन विलियमसन की जगह आईपीएल के बाकी मैचों के लिये टीम में चुना है। मध्यक्रम के आक्रामक बल्लेबाज शनाका के साथ उनकी बेसप्राइज 50 लाख रूपये में करार किया गया है। वह नीलामी में नहीं बिके थे।
