JWALA MK-1 Anti-Drone System: भारत लगातार सैन्य सुरक्षा मजबूत करता जा रहा है। सबसे बड़ी बात है कि स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में देश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
राजस्थान के पोखरण में भारतीय रक्षा कंपनी आईजी डिफेंस ने अपने ऑटोनॉमस काउंटर-ड्रोन माइक्रो-मिसाइल सिस्टम ज्वाला एमके-1 का सफल टेस्टिंग की है। कंपनी के मुताबिक, यह सिस्टम 5 किलोमीटर तक की ऑपरेशनल रेंज में दुश्मन के ड्रोन को निशाना बनाकर हवा में मार गिराने की क्षमता रखता है।
एआई तकनीक से लैस है ज्वाला MK-1
कम लागत वाले ड्रोन से दुनिया भर में बढ़ते सैन्य खतरे के बीच भारत की यह तकनीक काफी अहम मानी जा रही है। खास बात यह है कि ज्वाला MK-1 को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक से लैस किया गया है, जो दुश्मन के ड्रोन की पहचान करने से लेकर उसे ट्रैक करने और निशाना बनाने तक में मदद करती है।
क्या है ज्वाला MK-1 सिस्टम?
ज्वाला एमके-1 एक ऑटोनॉमस काउंटर-UAS (Unmanned Aircraft System) माइक्रो-मिसाइल सिस्टम है। इसे दुश्मन के ड्रोन और मानवरहित हवाई खतरों को रोकने के लिए विकसित किया गया है। इस सिस्टम में एआई आधारित GRID तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह तकनीक दुश्मन के ड्रोन की पहचान करने, उसका वर्गीकरण करने और उसे लगातार ट्रैक करने में मदद करती है।
इसकी मदद से सिस्टम को मिशन से जुड़े फैसले लेने में सहायता मिलती है। ऑटोनॉमस क्षमता होने के कारण यह ड्रोन से पैदा होने वाले खतरे पर तेजी से प्रतिक्रिया देने के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी 5 किलोमीटर तक की ऑपरेशनल रेंज है। यानी यह निर्धारित ऑपरेशनल दायरे में आने वाले दुश्मन के ड्रोन को निशाना बनाने के लिए तैयार किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह भारत का पहला ऑटोनॉमस काउंटर-UAS माइक्रो-मिसाइल सिस्टम है। इसका उद्देश्य छोटे और कम लागत वाले ड्रोन से पैदा होने वाले खतरे का तेजी से जवाब देना है।
सस्ते ड्रोन के खिलाफ क्यों अहम है यह तकनीक?
रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया के संघर्षों में ड्रोन का इस्तेमाल लगातार बढ़ा है। अब छोटे और कम कीमत वाले ड्रोन भी सैन्य ठिकानों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बन रहे हैं।ऐसे ड्रोन को रोकने के लिए महंगी एयर डिफेंस मिसाइलों का इस्तेमाल करना कई बार आर्थिक रूप से महंगा साबित होता है। ऐसे में JWALA MK-1 जैसे माइक्रो-मिसाइल सिस्टम कम लागत वाले हवाई खतरों से निपटने के लिए एक विकल्प बन सकते हैं।
भारत की आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता को मिलेगी मजबूती
भारत लगातार स्वदेशी रक्षा तकनीक और हथियार प्रणालियों को विकसित करने पर जोर दे रहा है। JWALA MK-1 का सफल परीक्षण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अगर यह सिस्टम आगे के परीक्षणों और सैन्य मूल्यांकन में भी सफल रहता है, तो भारतीय सुरक्षा बलों की एंटी-ड्रोन क्षमता को मजबूती मिल सकती है। इससे संवेदनशील सैन्य ठिकानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को ड्रोन हमलों से सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।
