देश

Etah News: दुल्हन की मांग में सिंदूर भरते ही मंडप में पहुंच गई पहली पत्नी! दूल्हे राजा के साथ फिर हुआ क्या?

उत्तर प्रदेश के एटा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में उस वक्त हंगामा मच गया, जब दूल्हा आकाश अपनी दूसरी शादी रचा रहा था। जैसे ही उसने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा, उसकी पहली पत्नी पुलिस लेकर मंडप में पहुंच गई। पुलिस ने शादी रुकवाकर दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद विवाह सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Image

एटा में दूसरी शादी कर रहा था दूल्हा तभी पहली पत्नी ने पहुंचकर रुकवाई शादी। AI IMAGE

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हो रही एक शादी उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब दूल्हे की पहली पत्नी पुलिस लेकर विवाह समारोह में पहुंच गई। दूल्हा अपनी होने वाली पत्नी की मांग में सिंदूर भर ही रहा था कि अचानक उसकी पहली पत्नी ने पंडाल में पहुंचकर शादी रुकवा दी। पुलिस ने मौके पर ही दूल्हे को हिरासत में ले लिया। इस दौरान होने वाली दुल्हन फूट-फूटकर रोने लगी।

मामला एटा जनपद के मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का है। जानकारी के मुताबिक, मारहरा क्षेत्र के मीरा सराय गांव निवासी आकाश पुत्र राकेश की शादी 14 नवंबर 2021 को चमन नगरिया निवासी सोनी पुत्र रामशरण के साथ हुई थी। दोनों के बीच फिलहाल तलाक का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।

आरोप है कि पहली पत्नी से कानूनी रूप से तलाक हुए बिना ही आकाश मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दूसरी शादी करने पहुंच गया। शादी की कुछ रस्में भी पूरी हो चुकी थीं। इसी दौरान जैसे ही आकाश ने अपनी होने वाली पत्नी की मांग में सिंदूर भरा, उसकी पहली पत्नी सोनी पुलिस के साथ विवाह समारोह में पहुंच गई।

सोनी ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने शादी रुकवा दी और दूल्हे को विवाह मंडप से ही गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, दूल्हे की गिरफ्तारी के बाद उसकी होने वाली पत्नी रोने लगी।

दुल्हन के पिता को नहीं थी पहली शादी की जानकारी

इस पूरे मामले में होने वाली दुल्हन के पिता कमल सिंह ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि आकाश पहले से शादीशुदा है। उनका कहना है कि अगर उन्हें पहले से इस बात का पता होता तो शायद यह स्थिति पैदा ही नहीं होती।

आकाश की पहली पत्नी सोनी का आरोप है कि उसका पति बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा था। उसने अधिकारियों को भी गुमराह किया और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता राशि का लाभ लेने की कोशिश की। सोनी का कहना है कि जब तक उसका आकाश से कानूनी रूप से तलाक नहीं हो जाता, तब तक वह दूसरी शादी नहीं कर सकता।

सरकारी सत्यापन प्रक्रिया पर भी उठे सवाल

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत होने वाले सत्यापन पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि लेखपाल, तहसीलदार और अन्य अधिकारियों की जांच के बावजूद आकाश की पहली शादी का पता नहीं चल पाया। पहली पत्नी के मौके पर पहुंचने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हुआ।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article