बिजनेस

शेयर बाजार में शानदार उछाल, सेंसेक्स 583 अंक उछला, इन स्टॉक्स ने कराई कमाई

आज शेयर बाजार में भारी तेजी देखने को मिली। सेंसेंक्स 580 अंकों से भी अधिक ऊपर उछला। वहीं निफ्टी ने भी काफी ऊंची छलांग लगाई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों करीब 1-1 फीसदी ऊपर बंद होने में कामयाब रहे।

Image

5 अप्रैल को शेयर बाजार में तेजी आई

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • स्मॉल कैप शेयरों ने कराया फायदा
  • लार्सन एंड टुब्रो और कोल इंडिया रहे टॉप गेनर्स में शामिल
  • सेंसेक्स और निफ्टी 1-1 फीसदी हुए मजबूत

Share Market Closing : आज बुधवार 5 अप्रैल को शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। निफ्टी 17550 के ऊपर बंद हुआ। सेंसेक्स ने भी लंबी छलांग लगाई। आज जिन सेक्टरों के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ी कमाई कराई, उनमें कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी शामिल हैं। इन सेक्टरों के इंडेक्सेज में 1-2 फीसदी की तेजी आई। वहीं स्मॉल कैप इंडेक्स भी 1 फीसदी ऊपर चढ़ा। यानी स्मॉल कैप शेयर भी आज मुनाफे वाले रहे।

इन बड़े शेयरों ने कराया फायदा

आज जिन बड़े शेयरों ने निवेशकों को फायदा कराया, उनमें लार्सन एंड टुब्रो, कोल इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज ऑटो और एचडीएफसी शामिल हैं। ये सारे शेयर्स निफ्टी के टॉप गेनर्स में से रहे। हालांकि गिरने वाले शेयरों में आयशर मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, अडानी एंटरप्राइजेज और एनटीपीसी शामिल रहे। आज बीएसई मिडकैप सपाट बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों का हाल

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 हरे और 9 लाल निशान में बंद हुए। जो शेयर हरे निशान में बंद हुए उनमें लार्सन एंड टु्ब्रो, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, टीसीएस, एचसीएल टेक, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, इंफोसिस, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर ग्रिड, विप्रो, टाटा मोटर्स, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं। वहीं गिरने वाले शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, नेस्ले इंडिया, मारुति सुजुकी, एसबीआई, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और इंडसइंड बैंक शामिल हैं।

कहां पहुंचे सेंसेक्स और निफ्टी

शेयर बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 582.87 अंक या 0.99 फीसदी बढ़ कर 59,689.31 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 159.00 अंक या 0.91 फीसदी उछल कर 17,557 पर बंद हुआ। बीएसई पर आज 3,653 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2581 शेयरों में तेजी आई, जबकि 955 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं 117 शेयरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

कितनी है बीएसई कंपनियों की मार्केट कैपिटल

शेयर बाजार बंद होने पर बीएसई पर लिस्टेड कुल कंपनियों की मार्केट कैपिटल 2,61,31,027.88 करोड़ रु रही। वहीं भारतीय रुपया सोमवार के बंद भाव 82.33 के मुकाबले 33 पैसे मजबूत होकर 82 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article