Delhi Crime: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने के अंदर एक शख्स ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पांच पुलिसकर्मियों की गर्दन और चेहरे पर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, दिल्ली पुलिस को शिकायत मिली थी कि नबील नाम का शख्स अपनी मां और बहन को परेशान कर रहा है। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया था। थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज जारी है।
तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
इस हमले में कुल पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज संजीवनी अस्पताल में चल रहा है।
चितली कबर इलाके में पुलिस ने घेरा, फिर चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक, थाने से फरार होने के बाद आरोपी ने भागने के लिए एक दोपहिया वाहन लूट लिया। इसके बाद सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को चितली कबर इलाके में ट्रैक कर लिया। उसे पकड़ने की कोशिश के दौरान आरोपी ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि खतरे को काबू में करने और आरोपी को रोकने के लिए टीम को गोली चलानी पड़ी।
