क्रिकेट

एक भी मैच हारे तो टूट जाएगा भारत के WTC फाइनल का सपना, ड्रॉ ने बिगाड़ दिए समीकरण

WTC Final Scenario India: न्यूजीलैंड के खिलाफ ड्रॉ ने भारत के WTC फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका दिया है। इस मुकाबले के बाद अब टीम इंडिया हार अफोर्ड नहीं कर सकती है।

Image

भारत बनाम न्यूजीलैंड (साभार-x)

India WTC Final Scenario: भारतीय कप्तान शुभमन गिल के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज इतनी मायने रखती थी कि उन्होंने आखिरी दो वनडे खेलने की बजाए टेस्ट के लिए खुद को तैयार रखना बेहतर समझा, लेकिन वेलिंगटन टेस्ट में सबसे बड़ा स्कोर बनाकर भी मैच को अपने पक्ष में ना कर पाना उन्हें भारी पड़ गया। इस मुकाबले के ड्रॉ होने के बाद भारतीय टीम की WTC फाइनल 2026 खेलने की राह मुश्किल हो गई है। अब भारत को यहां से बाकी बचे मैच में चमत्कार करना होगा। भारत के पास 6 टेस्ट बचे हैं जिसमें से 5 ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज है। लेकिन इस ड्रॉ ने समीकरण बिगाड़ दिए हैं।

भारतीय गेंदबाजों का सरेंडर

वेलिंगटन टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने पूरे दिन संघर्ष करते हुए भारतीय टीम को जीत से वंचित कर दिया। खासतौर से ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल ने छठे विकेट के लिए 300 से ज्यादा गेंदें खेली। मैच में एक घंटे का खेल शेष रहते दोनों टीमों के कप्तान शुभमन गिल और टॉम लैथम ने ड्रॉ पर सहमति जताई। खेल रोके जाने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए थे।

भारत के पोजिशन में बदलाव नहीं

न्यूजीलैंड के खिलाफ इस नतीजे के बाद भले ही मेजबान टीम तीसरे नंबर पर खिसक गई हो, लेकिन भारत के पोजीशन में कोई बदलाव नहीं आया है। भारत डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में 50 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। दो मैचों की टेस्ट शृंखला से पहले भारत का अंक प्रतिशत 51.52 था जो अब घट गया है।

अंक तालिका में दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 69.23 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और न्यूजीलैंड 66.67 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

एक हार तोड़ देगा टीम इंडिया का सपना

भारत को मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र (2024-27) में अब छह टेस्ट मैच और खेलने हैं। इनमें एक टेस्ट क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ और पांच टेस्ट जनवरी-फरवरी 2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेले जाएंगे। इस स्थिति में भारत को फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बाकी सभी छह टेस्ट जीतने होंगे। ऐसा करने पर उसका अंक प्रतिशत 66.67 हो जाएगा।

दूसरे टीमों पर रहना होगा निर्भर

सभी छह टेस्ट जीतने के बावजूद भारत शीर्ष दो टीमों से पीछे रह सकता है और उसे दूसरी टीमों के खराब प्रदर्शन की भी उम्मीद करनी होगी। भारत अगर बाकी छह टेस्ट में से पांच जीतता है और एक मैच ड्रॉ रहता है, तो उसका अंक प्रतिशत 62.96 होगा जबकि पांच जीत और एक हार की स्थिति में यह घटकर 61.11 रह जाएगा। ऐसे में भारत के लिए फाइनल की उम्मीदें बरकरार रखने का एकमात्र रास्ता सभी छह मुकाबलों में जीत हासिल करना है। इसके साथ ही अगले कुछ महीनों में उसे अन्य टीमों के नतीजे भी अपने पक्ष में आने की उम्मीद करनी होगी।

दक्षिण अफ्रीका का पहुंचना लगभग तय

मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका की स्थिति सबसे मजबूत है। उसे अपने बाकी पांच टेस्ट मैचों में से केवल तीन में जीत दर्ज करनी है। इन पांच मुकाबलों में बांग्लादेश के खिलाफ भी एक टेस्ट भी शामिल है। यह टेस्ट सोमवार को सेंचुरियन में शुरू हुआ।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article