बोतलबंद पानी को आमतौर पर लोग साफ और सुरक्षित मानकर पीते हैं। घर हो, ऑफिस हो या सफर, ज्यादातर लोग पानी की बोतल खरीदते समय ब्रांड पर भरोसा करते हैं। लेकिन अगर किसी नामी ब्रांड के पानी के सैंपल में ऐसे केमिकल मिलें, जिनका संबंध कैंसर से जोड़ा जाता है, तो चिंता होना स्वाभाविक है। हाल ही में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में Bisleri के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल को असुरक्षित बताया गया। जांच में ब्रोमेट (Bromate) और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई।
इन दोनों पदार्थों को लेकर इसलिए चिंता है, क्योंकि लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि Bisleri की हर बोतल में ये केमिकल मौजूद हैं या पानी पीने से तुरंत कैंसर हो सकता है। आइए समझते हैं कि इस मामले में असल समस्या क्या है, WHO का मानक कितना है और PAHs को लेकर इतना हंगामा क्यों हो रहा है।
Bisleri के पानी में आखिर क्या गड़बड़ी मिली?
FSSAI की जांच में Bisleri के एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर सैंपल में दो तरह के रासायनिक पदार्थों को लेकर सवाल उठे हैं। इनमें पहला ब्रोमेट और दूसरा PAHs है। कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को गोवा स्थित उसकी फैक्ट्री से लिए गए एक सैंपल की शुरुआती लैब जांच में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई थी। जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
यानी शुरुआती जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा से 20 फीसदी ज्यादा था हालांकि Bisleri ने अपने बयान में कहा कि इसके बाद रेफरल लैब और FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में हुई जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली। दूसरी तरफ, FSSAI के सैंपल में PAHs की मौजूदगी भी सामने आई। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, प्राधिकरण ने इनकी सटीक मात्रा और कौन-कौन से PAH कंपाउंड मिले, इसका खुलासा नहीं किया है।
क्या होता है ब्रोमेट और पानी में कैसे पहुंचता है?
ब्रोमेट एक अकार्बनिक रासायनिक पदार्थ है, जो पानी को साफ करने की प्रक्रिया के दौरान बन सकता है। खासतौर पर जब पानी को कीटाणुरहित करने के लिए ओजोन (Ozone) का इस्तेमाल किया जाता है, तब ब्रोमेट बनने की आशंका रहती है। दरअसल, पानी के स्रोत में प्राकृतिक रूप से ब्रोमाइड आयन मौजूद हो सकते हैं। जब ये ओजोन के संपर्क में आते हैं, तो रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण ब्रोमेट बन सकता है।
इसकी मात्रा कई बातों पर निर्भर करती है, जैसे पानी में ब्रोमाइड की मौजूदगी, ओजोन की मात्रा, पानी का pH और उसकी दूसरी रासायनिक विशेषताएं। पानी को कीटाणुरहित करने के लिए ओजोन का इस्तेमाल अपने आप में गलत नहीं है। समस्या तब होती है, जब इस प्रक्रिया के दौरान ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सुरक्षित सीमा से ज्यादा हो जाती है।
WHO के मुताबिक पानी में कितना ब्रोमेट होना चाहिए?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने पीने के पानी में ब्रोमेट की अधिकतम अस्थायी सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर (µg/L) तय की है। Bisleri के शुरुआती सैंपल में यह 12 µg/L था, जबकि कंपनी के अनुसार बाद की रेफरल और स्वतंत्र लैब जांच में ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर मिला।
WHO के मुताबिक, लंबे समय तक ब्रोमेट के संपर्क में रहने से कैंसर का खतरा हो सकता है। इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने इसे Group 2B में रखा है। इसका मतलब है कि इसे इंसानों के लिए संभावित रूप से कैंसरकारी माना जाता है। इस वर्गीकरण का आधार मुख्य रूप से जानवरों पर किए गए अध्ययन हैं। इंसानों में कैंसर पैदा करने के पर्याप्त प्रमाण अभी उपलब्ध नहीं हैं।
ज्यादा ब्रोमेट शरीर को कैसे नुकसान पहुंचा सकता है?
ब्रोमेट को लेकर चिंता की सबसे बड़ी वजह इसका शरीर की कोशिकाओं और DNA पर पड़ने वाला संभावित असर है। जानवरों पर किए गए अध्ययनों में पोटैशियम ब्रोमेट के संपर्क में आने के बाद किडनी, थायरॉयड और दूसरे टिश्यू में ट्यूमर की घटनाएं बढ़ी हुई पाई गई हैं। इसके अलावा, ब्रोमेट शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस पैदा कर सकता है। इस स्थिति में अस्थिर अणु शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं। इससे DNA प्रभावित हो सकता है और जेनेटिक म्यूटेशन की आशंका बढ़ सकती है।
ब्रोमेट शरीर में क्या करता है?
क्या ज्यादा ब्रोमेट से तुरंत किडनी खराब हो सकती है?
बहुत अधिक मात्रा में ब्रोमेट शरीर में जाने पर गंभीर विषाक्तता हो सकती है। हेल्थ कनाडा के दस्तावेजों में ब्रोमेट के गाढ़े घोल के सेवन से जुड़े मामलों का जिक्र है। इनमें उल्टी, मतली, दस्त और पेट दर्द जैसे लक्षण सामने आए थे। गंभीर मामलों में किडनी को नुकसान, किडनी फेलियर और सुनने की क्षमता प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी देखी गई हैं, हालांकि यहां एक बात समझना जरूरी है। ये मामले ब्रोमेट के बहुत ज्यादा मात्रा वाले घोल के सेवन से जुड़े थे। इन्हें पीने के पानी में मौजूद कम मात्रा वाले ब्रोमेट के संभावित जोखिम के बराबर नहीं माना जा सकता।
PAHs क्या होते हैं और इन्हें लेकर इतना हंगामा क्यों है?
ब्रोमेट के अलावा Bisleri के सैंपल में PAHs यानी पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी भी सामने आई है। ये 100 से ज्यादा रासायनिक पदार्थों का एक समूह है। PAHs मुख्य रूप से तब बनते हैं, जब कोयला, पेट्रोलियम, लकड़ी और तंबाकू जैसे जैविक पदार्थ पूरी तरह नहीं जल पाते। यानी अधूरे दहन (Incomplete Combustion) के दौरान इनका निर्माण हो सकता है। इसके अलावा, बहुत ज्यादा तापमान पर खाना पकाने, खासकर ग्रिल करने या भोजन के जलने से भी कुछ PAHs बन सकते हैं। इन सभी रसायनों का स्वास्थ्य पर एक जैसा असर नहीं होता। कुछ PAHs को कैंसरकारी माना गया है, जबकि सभी PAHs कैंसर पैदा नहीं करते।
PAHs शरीर में पहुंचकर क्या नुकसान करते हैं?
WHO के मुताबिक, PAHs का स्वास्थ्य पर असर इस बात पर निर्भर करता है कि कौन सा रासायनिक पदार्थ मौजूद है और व्यक्ति कितनी मात्रा में उसके संपर्क में आ रहा है। कुछ PAHs शरीर में पहुंचने के बाद मेटाबॉलिज्म की प्रक्रिया से ऐसे रिएक्टिव पदार्थों में बदल सकते हैं, जो DNA से जुड़कर उसे नुकसान पहुंचाते हैं।
PAHs शरीर में पहुंचकर क्या नुकसान करते हैं?
अगर शरीर इस नुकसान की ठीक से मरम्मत नहीं कर पाता, तो DNA में बदलाव यानी म्यूटेशन हो सकता है। लंबे समय में इस तरह की क्षति कैंसर के विकास में योगदान दे सकती है। इस मामले में सबसे बड़ी चिंता यह है कि FSSAI ने उपलब्ध जानकारी में यह स्पष्ट नहीं किया है कि Bisleri के सैंपल में कौन-कौन से PAHs मिले और उनकी मात्रा कितनी थी। इसलिए सिर्फ PAHs की मौजूदगी के आधार पर किसी व्यक्ति के कैंसर के खतरे का आकलन करना संभव नहीं है।
भारत में पैकेज्ड पानी की जांच के नियम क्या हैं?
Bisleri से जुड़ा यह मामला भारत में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की गुणवत्ता और उसकी निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े करता है। दरअसल, अक्टूबर 2024 में सरकार ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वॉटर के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का अनिवार्य सर्टिफिकेशन हटाने का फैसला किया था। इससे पहले इन उत्पादों पर BIS का प्रमाणन जरूरी था। BIS मार्क यह बताता है कि उत्पाद संबंधित सरकारी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप है। इसके बाद नवंबर 2024 में FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वॉटर को हाई-रिस्क फूड कैटेगरी में शामिल कर लिया। इसका मकसद इन उत्पादों की निगरानी और जांच को मजबूत करना था।
