केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और हरियाणा पुलिस के साथ समन्वय कर हत्या के मामले में वांटेड आरोपी आशीष कुमार को कजाकिस्तान से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। इंटरपोल के रेड नोटिस पर वांटेड आशीष कुमार को 23 नवंबर 2026 को भारत लाया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर हरियाणा पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।
आशीष कुमार हरियाणा में दर्ज एक हत्या के मामले में वांटेड था। मामला नवंबर 2025 का है, जब एक शादी समारोह के दौरान मृतक और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद जब मृतक समारोह स्थल से अपनी गाड़ी में वापस जा रहा था, तभी आशीष कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में उसकी गाड़ी को जबरन रुकवा लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर मृतक पर बेरहमी से हमला किया। इस हमले में उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर CBI ने सितंबर 2026 में इंटरपोल के माध्यम से आशीष कुमार के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था। इसके बाद आरोपी की लोकेशन कजाकिस्तान के अल्माटी में इमिग्रेशन अधिकारियों के स्तर पर ट्रेस की गई। भारतीय एजेंसियों के समन्वित प्रयासों के बाद आरोपी को भारत वापस लाया गया।
CBI भारत में इंटरपोल के लिए नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB) के रूप में काम करती है और देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को मजबूत करती है। इसके लिए भारत के BHARATPOL प्लेटफॉर्म के जरिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय किया जाता है।
CBI के मुताबिक, साल 2019 से अब तक इंटरपोल के सहयोग से 300 से अधिक वांटेड अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें अकेले वर्ष 2026 के दौरान अब तक 75 भगोड़े अपराधियों की वापसी कराई गई है।
