देश

'आप इसे संसद में उठाइए और बनवा लीजीए कानून', गौरव भाटिया की दलील पर सुप्रीम कोर्ट की नसीहत

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ दो वकीलों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें कुछ नेताओं और अन्य लोगों की ओर से न्यायपालिका के खिलाफ सार्वजनिक रूप से, सोशल मीडिया और दूसरे मंचों पर की गई हालिया टिप्पणियों का उल्लेख किया गया है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि इस तरह के बयान न्यायिक प्रक्रिया में बाधा पैदा कर सकते हैं।

Image

सुप्रीम कोर्ट ने गौरव भाटिया को दी नसीहत

न्यायपालिका के खिलाफ नेताओं और अन्य लोगों की कथित टिप्पणियों को लेकर दायर एक याचिका पर सुनवाई के दौरान सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में दिलचस्प सवाल-जवाब देखने को मिला। सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने अदालत में दलील दी कि सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर दिए जा रहे कुछ बयानों से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने सवाल किया कि आखिर राजनीतिक दलों को अपने मुद्दे उठाने से कैसे रोका जा सकता है? पीठ ने भाटिया को नसीहत देते हुए कहा, 'आप इसे संसद में क्यों नहीं उठाते? आप एक कानून बनवा लें।'

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ दो वकीलों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें कुछ नेताओं और अन्य लोगों की ओर से न्यायपालिका के खिलाफ सार्वजनिक रूप से, सोशल मीडिया और दूसरे मंचों पर की गई हालिया टिप्पणियों का उल्लेख किया गया है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि इस तरह के बयान न्यायिक प्रक्रिया में बाधा पैदा कर सकते हैं।

राजनीतिक दलों को मुद्दे उठाने से कैसे रोक सकते हैं?

याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने अदालत में कहा कि यह याचिका एक बड़े और गंभीर मुद्दे से जुड़ी है। उन्होंने कुछ नेताओं के बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक व्यक्ति से जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपेक्षा की जाती है।

इस पर पीठ ने सवाल किया, 'आप राजनीतिक दलों को अपने मुद्दे उठाने से कैसे रोक सकते हैं?' भाटिया ने जवाब दिया कि यह मामला राजनीतिक दलों से संबंधित नहीं है। इस पर अदालत ने फिर पूछा, 'फिर आपने सब कुछ एक साथ क्यों मिला दिया है?'

भाटिया ने दलील दी कि असली सवाल यह है कि क्या कोई व्यक्ति न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डाल सकता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों को अपनी टिप्पणियों और बयानों की जिम्मेदारी समझनी चाहिए। इसी दौरान पीठ ने सुझाव दिया कि इस विषय को संसद में उठाया जा सकता है और इसके लिए कानून बनाने की पहल की जा सकती है।

सीजेआई के खिलाफ टिप्पणी का भी उठा मामला

सुनवाई के दौरान गौरव भाटिया ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के खिलाफ एक वकील की ओर से अदालत कक्ष में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस याचिका के दाखिल होने के बाद भी ऐसी दो घटनाएं सामने आई हैं। उनके मुताबिक, इस तरह की घटनाओं का सीधा असर न्यायपालिका पर पड़ता है।

इस पर पीठ ने बताया कि सीजेआई के खिलाफ वकील की कथित टिप्पणी से जुड़ा अवमानना का मामला पहले से ही न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के सामने लंबित है। यह पीठ 18 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की याचिका पर नोटिस जारी कर चुकी है। उस याचिका में संबंधित वकील के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग की गई है।

रजिस्ट्री को सीजेआई के सामने दस्तावेज रखने का आदेश

सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा कि जब एक संबंधित घटना पर दूसरी पीठ पहले से विचार कर रही है, तो मौजूदा याचिका को भी उसी पीठ के सामने रखा जाना उचित होगा। इसके बाद रजिस्ट्री को निर्देश दिया गया कि वह सभी संबंधित दस्तावेज मुख्य न्यायाधीश के समक्ष पेश करे, ताकि आगे के निर्देश दिए जा सकें।

याचिका में केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग, कांग्रेस, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और अन्य लोगों को प्रतिवादी बनाया गया है।

राहुल गांधी के मार्च और एसआईआर का भी जिक्र

गौरव भाटिया ने 12 अक्टूबर को राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेताओं की ओर से सुप्रीम कोर्ट तक किए गए मार्च का भी जिक्र किया। उस दिन राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई नेता और उनके समर्थक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर याचिका दायर करने सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे।

भाटिया ने कहा कि इस घटना को भी याचिका में शामिल किया गया है और शीर्ष अदालत इस मामले में नोटिस जारी कर चुकी है। उन्होंने दो सांसदों और एक पत्रकार के बयानों तथा सोशल मीडिया पोस्ट का भी उल्लेख किया। अब इस याचिका पर आगे की कार्रवाई को लेकर सीजेआई के निर्देशों का इंतजार रहेगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article