उद्योगपति नवीन जिंदल ने मंगलवार को आए केंद्रीय बजट की जमकर तारीफ की है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र से 2 बार लोकसभा सांसद रहे नवीन जिंदल ने कहा कि केंद्रीय बजट में कई दूरदर्शी पहल शामिल हैं। इसमें कई दूरदर्शी पहलों का प्रस्ताव है।
'राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप बजट'
जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के अध्यक्ष नवीन जिंदल ने बजट 2024 को लेकर एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। नवीन जिंदल ने कहा- "केंद्रीय बजट ने कई दूरदर्शी पहलों का प्रस्ताव दिया है, जो हमारे राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप हैं। इनसे आर्थिक विकास, लोगों के उत्थान और बुनियादी ढांचे, रेलवे और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों को सपोर्ट करने की संभावना है। नई सौर ऊर्जा योजनाओं से घरों की छत पर सौर पैनल अपनाने और हरित ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए प्रोत्साहित होने की उम्मीद है।"
अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
नवीन जिंदल ने आगे कहा कि ऊर्जा, सीमेंट और खनिजों के लिए नए रेल गलियारों के जुड़ने से कनेक्टिविटी बढ़ने और भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह बजट समृद्ध और संपन्न भारत के लिए हमारे दीर्घकालिक दृष्टिकोण के अनुरूप है।
बजट में क्या-क्या
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने चुनाव से पहले पेश अंतरिम बजट में लोकलुभावन योजनाओं की घोषणाओं से परहेज किया और आर्थिक वृद्धि को गति देने के लिए अगली पीढ़ी के सुधारों को तेजी से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जतायी। इसके अलावा उन्होंने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर की दरों को भी यथावत रखा है, यानी आयकर स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया है। उन्होंने वित्त वर्ष 2024-25 का लेखानुदान या अंतरिम बजट पेश करते हुए एक तरफ जहां पूंजीगत व्यय 11 प्रतिशत बढ़ाकर 11.11 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव किया है, वहीं चालू वित्त वर्ष के लिये राजकोषीय घाटे के लक्ष्य को संशोधित कर इसे सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 5.8 प्रतिशत कर दिया है।
