प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान और PoK में आतंकवादी ठिकानों पर Operation Sindoor शुरू होने के बाद आज पहली बार राष्ट्र के नाम संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि कैसे भारतीय सेनाओं ने आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान की सरकार और सेना के आतंकवादियों को समर्थन देने के चेहरे के उजागर होने की भी बात कही। पाकिस्तान से किन मुद्दों पर बात होगी, पीएम मोदी ने यह भी साफ कर दिया।
पाकिस्तान से आतंकवाद और PoK पर ही बात होगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, 'मैं आज विश्व समुदाय को भी कहूंगा, हमारी घोषित नीति रही है, अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो टेरेरिज्म पर ही होगी, अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर, PoK उस पर ही होगी।'
आतंकवाद पाकिस्तान को ही समाप्त कर देगा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा, पाकिस्तान फौज, पाकिस्तान की सरकार, जिस तरह आतंकवाद को खाद-पानी दे रहे हैं, वो एक दिन पाकिस्तान को ही समाप्त कर देगा। पाकिस्तान को अगर बचना है तो उसे अपने टैरर इंफ्रास्ट्रक्चर का सफाया करना ही होगा।
पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, 'इसके अलावा शांति का कोई रास्ता नहीं है। भारत का मत एकदम स्पष्ट है, टैरर और टॉक, एक साथ नहीं हो सकते, टैरर और ट्रेड, एक साथ नहीं चल सकते। पानी और खून भी एक साथ नहीं बह सकता।
