देश

पेपर लीक और परीक्षा धांधली पर बड़ा एक्शन, UPSC, SSC और NTA परीक्षाओं की जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने गठित की STF

परीक्षाओं में होने वाली धांधली और पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष और तेज जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने क्राइम ब्रांच के तहत एक विशेष टास्क फोर्स (STF) का गठन किया है।

Image

पेपर लीक माफिया पर कसता शिकंजा (फाइल फोटो)

Photo : PTI

देश में भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस ने अपने क्राइम ब्रांच विभाग के अंतर्गत एक विशेष टास्क फोर्स (STF) का गठन किया है। यह नई टीम केवल प्रतियोगी और सार्वजनिक परीक्षाओं में होने वाले अपराधों, पेपर लीक और अनुचित साधनों के इस्तेमाल की जांच पर ध्यान केंद्रित करेगी।

आधिकारिक आदेश के अनुसार, इस विशेष इकाई का गठन 'सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम' के तहत किया गया है, जिसे दिल्ली पुलिस कमिश्नर की ओर से मंजूरी मिल चुकी है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ियों की त्वरित, पेशेवर और निष्पक्ष तरीके से जांच सुनिश्चित करना है।

इन बड़ी एजेंसियों की परीक्षाओं पर रहेगी पैनी नजर

यह स्पेशल टास्क फोर्स केंद्र सरकार की प्रमुख भर्ती और प्रवेश परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं के मामलों को संभालेगी। आदेश के तहत एसटीएफ के पास निम्नलिखित परीक्षाओं की जांच का अधिकार होगा:

  • संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और कर्मचारी चयन आयोग (SSC)
  • रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) और इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS)
  • नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA)
  • विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और उनके अधीनस्थ कार्यालयों की भर्ती परीक्षाएं

जांच और अदालत में तेज पैरवी पर रहेगा फोकस

दिल्ली पुलिस की यह स्पेशल टास्क फोर्स न केवल मामलों की गहराई से जांच करेगी, बल्कि अभियोजन एजेंसियों (Prosecuting Agencies) के साथ भी तालमेल बिठाएगी। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना होगा कि आरोपियों को जल्द सजा मिले और अदालतों में मामलों का निपटारा तेजी से हो सके।

इस पूरी इकाई की कमान क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त के हाथों में होगी, जबकि इसका संपूर्ण पर्यवेक्षण और प्रशासनिक नियंत्रण क्राइम ब्रांच के विशेष पुलिस आयुक्त (Special CP) करेंगे।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article