स्पोर्ट्स

CWG 2026 Games Day 2 round-up India: अशोक मलिक पदक से चूके, दूसरे दिन भारत का ऐसा रहा प्रदर्शन

ग्लास्गो में चल रहे 23वें राष्ट्रमंडल खेलों के दूसरे दिन भारतीय दल का प्रदर्शन मिला जुला रहा। भारत के पैरा पावरलिफ्टर अशोक मलिक पुरुषों की लाइट वेट स्पर्धा में पदक जीतने से चूक गए।

Image

राष्ट्रमंडल खेल दूसरे दिन भारत का हाल (फोटो क्रेडिट AI Generated)

ग्लास्गो में चल रहे 23वें राष्ट्रमंडल खेलों के दूसरे दिन भारतीय दल का प्रदर्शन मिला जुला रहा। भारत के पैरा पावरलिफ्टर अशोक मलिक पुरुषों की लाइट वेट स्पर्धा में पदक जीतने से चूक गए। वो चौथे स्थान पर रहे। वहीं भारत का लॉन बॉल्स की महिला पेयर्स स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा।

अशोक मलिक पदक से चूके

भारतीय पैरा पावरलिफ्टर अशोक मलिक पुरुष लाइटवेट स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहे। अशोक ने कुल 143.8 अंक जुटाए, लेकिन वह पदक जीतने से चूक गए। इंग्लैंड के मार्क स्वान ने 153.9 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। नाइजीरिया के रोलैंड एजुरुइके ने भी 153.9 अंक हासिल किए और रजत पदक अपने नाम किया, जबकि मलेशिया के बॉनी बुन्याउ गस्टिन ने 153.5 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता में भारत के एक अन्य खिलाड़ी परमजीत कुमार 135.6 अंकों के साथ कुल सातवें स्थान पर रहे।

लॉन बॉल्स महिला पेयर्स में भारत की लगातार दूसरी जीत

भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में लॉन बॉल्स की महिला पेयर्स स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की तो वहीं पुरुष एकल के दूसरे दौर में पुतुल सोनोवाल ने कड़े मुकाबले में फॉकलैंड द्वीपसमूह के सेसिल अलेक्जेंडर को टाई-ब्रेक में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी रूपा रानी टिर्की (लीड) और पिंकी सिंह (स्किप) ने स्कॉटिश इवेंट कैंपस (एसईसी) हॉल-3 में खेले गए सेक्शन बी के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की जोड़ी थाबेलो मुव्हांगो (लीड) और जैकी जैनसे वैन रेंसबर्ग (स्किप) को 2-0 से हराया। भारत ने दोनों सेट 6-4 और 7-5 से अपने नाम किए।

राष्ट्रमंडल खेल: नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में पहुंचे

भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में संयुक्त 14वें स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहे। दो बार के ओलंपियन और कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके नटराज ने 25.52 सेकंड का समय निकाला। उन्होंने बरमूडा के जैक हार्वे के साथ संयुक्त 14वां स्थान हासिल किया। सेमीफाइनल के लिए हीट से शीर्ष-16 तैराकों का चयन किया गया। नटराज अपनी आठ खिलाड़ियों वाली हीट में पांचवें स्थान पर रहे।

पैरा तैराकी में भारत के आरवीवीबीके बुडिगिना और इमाम अली ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। हीट में हिस्सा लेने वाले सभी आठ तैराक फाइनल में पहुंचे। बुडिगिना ने 57.10 सेकंड के समय के साथ हीट में तीसरा स्थान हासिल किया जबकि इमाम अली 1:05.32 सेकंड के समय के साथ आठवें स्थान पर रहे। एस13 वर्ग दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए निर्धारित पैरा तैराकी श्रेणी है।

राउंड ऑफ 16 में पहुंचे जादुमणि सिंह

दूसरे दिन बॉक्सिंग में भी भारत के लिए गुड न्यूज सामने आई जब मेंस 55 किलोग्राम वेट कैटेगेरी में भारत के मंदेनगमंजेंगबम जादुमणि सिंह ने स्कॉटलैंड के क्यूलेन एरॉन को 5-0 के अंतर से हराया। मंदेनगमंजेंगबम जादुमणि सिंह ने सभी 3 राउंड 30-27, 30-27 और 30-27 के अंतर से अपने नाम किया।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article