देश

मालीवाल मारपीट केस: NWC के सामने पेश नहीं हुए बिभव कुमार, पुलिस भी तलाश में, कहां हुए गायब?

दिल्ली पुलिस की करीब 10 टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं, जिनमें से चार टीमें आरोपी केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं।

Image

बिभव कुमार

Bibhav Kumar: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी विभव कुमार आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ कथित बदसलूकी के सिलसिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (NWC) के समक्ष पेश नहीं हुए। एनसीडब्ल्यू ने कुमार को सुबह 11 बजे आयोग के समक्ष पेश होने के लिए समन भेजा था। एनसीडब्ल्यू प्रमुख रेखा शर्मा ने कहा कि आयोग की एक टीम बृहस्पतिवार को कुमार को नोटिस देने उनके आवास पर गई थी, लेकिन वह घर पर नहीं थे।

बिभव की पत्नी ने नोटिस लेने से इनकार किया

रेखा शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, विभव कुमार की पत्नी ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। मेरी टीम आज फिर पुलिस के साथ उनके आवास पर गई और अगर वह कल तक पेश नहीं होते हैं, तो हम पूछताछ करने के लिए व्यक्तिगत रूप से जाएंगे। पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि सोमवार सुबह मालीवाल सिविल लाइंस पुलिस थाने पहुंचीं और आरोप लगाया कि केजरीवाल के निजी स्टाफ के एक सदस्य ने मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर उन पर हमला किया।

एनसीडब्ल्यू ने लिया स्वत: संज्ञान

एनसीडब्ल्यू ने मीडिया में प्रकाशित उस खबर का स्वत: संज्ञान लिया जिसका शीर्षक था "पूर्व डीसीडब्ल्यू प्रमुख स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव पर हमला करने का आरोप लगाया"। मालीवाल ने दावा किया कि विभव कुमार ने मुख्यमंत्री के आवास पर उन पर बेरहमी से हमला किया। उन्हें लात मारी, थप्पड़ बरसाए और पेट पर भी मारा। दिल्ली पुलिस ने मालीवाल पर कथित हमले के सिलसिले में गुरुवार को एक प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारियों ने बताया कि मामले में विभव कुमार की तलाश जारी है।

पुलिस की 10 टीमें विभव की तलाश में जुटी

इस बीच पुलिस की करीब 10 टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं, जिनमें से चार टीमें आरोपी केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, विभव कुमार पंजाब में हैं। कल वह लखनऊ में केजरीवाल और संजय सिंह के साथ नजर आए थे। लेकिन इसके बाद से उनकी कोई खबर नहीं है। गुरुवार को उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद स्वाति मालीवाल का एम्स में मेडिकल चेकअप भी हुआ था। इसके बाद आज स्वाति अपना बयान दर्ज कराने तीसहजारी कोर्ट भी पहुंचीं। वहीं, आज इस मामले से जु़ड़ा पहला फुटेज भी जारी किया गया है जिसमें स्वाति सीएम हाउस में नजर आ रही हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article