देश

लद्दाख लौट रहे सोनम वांगचुक ने की भारतीय रेलवे की तारीफ; Video में बोले- 'सरकार छात्रों से किया वादा निभाए और FIR वापस ले'

Sonam Wangchuk Video: लद्दाख लौट रहे सोनम वांगचुक ने एक वीडियो जारी कर वंदे भारत ट्रेन और चिनाब ब्रिज की तारीफ की है। साथ ही शिक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की सरकार से अपील की।

Image

सोनम वांगचुक ने की राष्ट्र निर्माण की अपील (स्क्रीनग्रैब: @Wangchuk66)

Sonam Wangchuk: प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली में लगातार 26 दिनों तक चले आमरण अनशन को समाप्त करने के बाद, लद्दाख के प्रसिद्ध शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक अब वापस अपने गृह क्षेत्र लद्दाख लौट रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए सोनम वांगचुक ने दिल्ली से श्रीनगर के बीच शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस में अपने पहले सफर और चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल को देखने के शानदार अनुभव को साझा किया। उन्होंने भारतीय रेलवे की सराहना करते हुए इसे अपना पसंदीदा यातायात साधन बताया।

"वंदे भारत का सफर और चिनाब ब्रिज देखना गर्व की बात"

सोनम वांगचुक ने वीडियो में कहा किहम लद्दाख के लिए निकल रहे हैं तो रेलगाड़ी से निकले, जो कि मेरा सबसे पसंदीदा यातायात है। दिल्ली से श्रीनगर तक शुरू हुई वंदे भारत सेवा पर यह मेरा पहला अनुभव था और मैं चिनाब पर बने पुल को देखना चाहता था। यह बहुत ही खूबसूरत अनुभव रहा और मुझे अपनी रेल पर बहुत गर्व है। उन्होंने आगे बताया कि वे कश्मीर में एक दिन का आराम लेकर लद्दाख के लिए आगे बढ़ेंगे ताकि साफ हवा-पानी से फिर से ऊर्जा जुटा सकें।

शिक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों पर कार्रवाई रोकने की अपील

संसद में परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए लाए गए नए बिल पर संतोष जताते हुए वांगचुक ने कहा कि सुधार केवल परीक्षाओं तक सीमित न रहकर पूरी शिक्षा प्रणाली में होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से पुराने वादों को निभाने की अपील करते हुए कहा कि मैं सरकार से अपील करना चाहूंगा कि जो समझौते लिखित में मेरे साथ और CJP के साथ हुए थे, कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कोई कानूनी कार्रवाई या FIR नहीं होगी, सरकार उस पर कायम रहे। देश में और विशेषकर युवा पीढ़ी में एक भरोसे का माहौल बनाएं, ताकि सब मिलकर राष्ट्र निर्माण में जुट जाएं।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक के 26 दिनों के अनशन और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों ने देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा था। 23 जुलाई की देर रात केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में उन्होंने अनशन खत्म किया था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!