Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर जिले से रविवार को एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। उदयपुर-गुजरात हाईवे पर एक निजी कंपनी का दमकल वाहन आगे चल रहे ट्रेलर से टकराकर अनियंत्रित हो गया और दूसरी दिशा से आ रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर के तुरंत बाद दमकल गाड़ी के केबिन में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए उदयपुर के महाराणा भूपाल (MB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुजरात से उदयपुर आ रही थी दमकल गाड़ी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त दमकल वाहन एक निजी कंपनी का था, जो गुजरात से उदयपुर की ओर जा रहा था। ऋषभदेव थाने के थानाधिकारी (SHO) हेमंत अहारी ने बताया कि तेज रफ्तार दमकल गाड़ी पहले अपने आगे चल रहे एक ट्रेलर से टकराई। टक्कर के बाद दमकल वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी लेन में जाकर एक अन्य ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दमकल गाड़ी के केबिन में जोरदार धमाके के साथ भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि केबिन में सवार तीन लोग अंदर ही फंस गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अर्नब चक्रवात के बाद 'मुरासु' का अलर्ट, पढ़ें कल के मौसम का हाल
स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को निकाला बाहर, दो की जलकर मौत
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए जलती हुई दमकल गाड़ी से चालक को तो किसी तरह खींचकर बाहर निकाल लिया, लेकिन केबिन में फंसे दो अन्य लोग आग की लपटों के बीच बुरी तरह झुलस गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। थानाधिकारी ने बताया कि मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे में घायल हुए दमकल वाहन के चालक और ट्रेलर के चालक को गंभीर हालत में उदयपुर के एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस दमकल गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर वाहन के मालिक निजी संस्थान की पहचान करने और मृतकों के परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है।
