Diljit Dosanjh Show Conspiracy: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के शो को खराब करने की बड़ी साजिश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नाकाम कर दिया था। खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारे पर दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने वाले तीन स्लीपर सेल को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है, जिसे पहली बार पन्नू ने अपने नेटवर्क में इस्तेमाल किया है।
एक लाख में तय हुई थी डील
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरी साजिश के लिए पन्नू ने एक लाख रुपये की डील तय की थी। एडवांस के तौर पर 10 हजार रुपये हवाला के जरिये आरोपियों तक पहुंचाए गए थे। इसके बाद उन्हें मेट्रो स्टेशनों पर ग्रैफिटी लिखने का टास्क दिया गया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर ग्रैफिटी लिखने के मामले में कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर अनुकूल पंवार और इंस्पेक्टर परवीन कुमार की टीम ने एसीपी राहुल कुमार सिंह की निगरानी में तीनों को दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमीत उर्फ रफ्तार (30 साल, पानीपत), सुमित कुमार उर्फ काका (22 साल, गुरदासपुर) और गुरप्रीत (22 साल, होशियारपुर) के रूप में हुई है।
दो मेट्रो स्टेशन बने निशाना
29 अक्टूबर को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-1 और 30 अक्टूबर को शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-2 पर अंग्रेजी में "DILJIT SINGH QUAM D GADDAR KHOON D BADLA SFJ KHALISTAN" लिखा मिला था। इसका मकसद दिलजीत के शो से पहले माहौल बिगाड़ना और दहशत फैलाना था।
ऐसे रची गई साजिश
मुख्य आरोपी सुमित उर्फ काका का संपर्क लुधियाना में SFJ से जुड़े लोगों से हुआ। उसे एक एन्क्रिप्टेड ऐप डाउनलोड कराया गया, जिस पर SFJ के हैंडलर ने ग्रैफिटी के टेम्पलेट भेजे। काका ने फिर बिगो और टैंगो लाइव ऐप से मिले अपने साथी सुमीत उर्फ रफ्तार और अपनी लिव-इन पार्टनर गुरप्रीत को इसमें शामिल किया। गुरप्रीत को शॉपिंग के बहाने दिल्ली लाया गया था। 28 अक्टूबर को तीनों दिल्ली पहुंचे। सुमीत ने जहांगीरपुरी में नारे लिखे और वीडियो बनाकर हैंडलर को भेजा, जबकि काका और गुरप्रीत ने शास्त्री नगर में ग्रैफिटी की।
पुलिस ने दो FIR- 0011/2026 (थाना मेट्रो आजादपुर) और 0010/2026 (थाना मेट्रो NSP) दर्ज की हैं। इन पर डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट और मेट्रो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। पूछताछ में सामने आया है कि काका ने GTK बाईपास पर भी नारे लिखे थे। स्पेशल सेल अब हवाला नेटवर्क और SFJ हैंडलर की तलाश में जुटी है।
