Karnataka CM: कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में बीते तीन दिन से मंथन जारी है। कर्नाटक कांग्रेस के दोनों बड़े नेता सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे से लेकर दोनों की मुलाकात राहुल गांधी तक से हो चुकी है, लेकिन पार्टी की ओर से अभी तक सीएम के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। इस बीच कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि अगले 48-72 घंटों में कर्नाटक में नया मंत्रिमंडल होगा। उन्होंने कहा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सीएम के नाम पर विचार कर रहे हैं।
सुरजेवाला के इस बयान के बाद संभावना जताई जा रही है कि पार्टी की ओर से आज शाम तक या गुरुवार को सीएम के नाम का ऐलान किया जा सकता है। सुरजेवाला ने यह भी कहा कि कर्नाटक में पांच साल की स्थिर सरकार होगी और लोगों से अटकलों और फर्जी खबरों पर विश्वास न करने का आग्रह किया। सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी प्रमुख को विधायक दल का नेता नियुक्त करने के लिए अधिकृत किया गया है और इसीलिए विचार-विमर्श चल रहा है।
सिद्धारमैया का पलड़ा भारी
बता दें, कर्नाटक सीएम को लेकर दिग्गज नेता सिद्धारमैया का पलड़ा भारी माना जा रहा है। खुद राहुल गांधी और ज्यादातर विधायक उनके पक्ष में हैं। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, डीके शिवकुमार की तरफ पार्टी चेयनपर्सन सोनिया गांधी का झुकाव ज्यादा माना जा रहा है। ऐसे में सीएम के चेहरे को लेकर बात अभी अटकी हुई है।राहुल से अलग-अलग हुई शिवकुमार और सिद्धारमैया की मुलाकात
बता दें, कर्नाटक में सीएम को चल रही कांग्रेस की बैठकों के दौरान सिद्धारमैया और शिवकुमार ने राहुल गांधी के साथ अलग-अलग मुलाकात की थी। एक दिन पहले दोनों ने खड़गे के साथ उनके आवास पर अलग-अलग बैठकें की थीं और सरकार गठन के मुद्दों पर चर्चा की थी। इस बीच खबर है कि सिद्धारमैया को सीएम बनाने पर आंतरिक सहमति बन गई है। शिवकुमार को डिप्टी सीएम और दो अहम मंत्रालयों का प्रभार दिया जा सकता है। हालांकि, इस पर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है।
