देश

तिहाड़ जेल में रहकर संजय सिंह ने 6 महीने क्या-क्या सीखा? बाहर आकर खुद बताया अपना अनुभव

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 4, 2024, 10:45 PM IST

AAP vs BJP: संजय सिंह ने कहा है कि तिहाड़ जेल में छह महीने रहने के बाद 'अन्याय, तानाशाही' से लड़ने का संकल्प मजबूत हुआ। पार्टी के भविष्य को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने कहा कि भाजपा अगर यह सोचती है कि वह केजरीवाल को जेल में डालकर दिल्ली के लोगों के लिए काम करने से रोक सकती है, तो वह सफल नहीं होगी।

Image

संजय सिंह ने बताया जेल का अनुभव।

Sanjay Singh Slams BJP: आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि जेल में छह महीने बिताने के बाद उनका मनोबल बढ़ा है और साथ ही 'अन्याय एवं तानाशाही' के खिलाफ लड़ने का संकल्प मजबूत हुआ है। जमानत मिलने के बाद बुधवार को तिहाड़ जेल से बाहर आए सिंह ने कहा कि जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्येन्द्र जैन भी जल्द रिहा होंगे।

संजय सिंह 13 अक्टूबर, 2023 से राष्ट्रीय राजधानी की उच्च सुरक्षा वाली जेल में बंद थे। उन्हें पिछले साल चार अक्टूबर को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को उन्हें जमानत दे दी थी। केजरीवाल और सिसोदिया को भी इसी मामले में गिरफ्तार किया गया है, जबकि जैन धनशोधन के एक अलग मामले में जेल में बंद हैं।

संजय सिंह बोले- मेरा मनोबल सातवें आसमान पर

सांसद संजय सिंह ने कहा, 'हमने हमेशा अत्याचार, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है। चाहे वह किसानों का मुद्दा हो, महंगाई हो, मणिपुर हिंसा हो या दिल्ली से जुड़े मुद्दे हों, हमने हमेशा उनके बारे में बात की है और छह महीने बाद भी ऐसा करना जारी रखेंगे।' उन्होंने यहां आम आदमी पार्टी (आप) कार्यालय में कहा, 'इस लड़ाई से मुझे अधिक ताकत और आत्मविश्वास मिला है तथा मेरा मनोबल सातवें आसमान पर है। मुझे जेल में पढ़ने का मौका मिला।' सिंह ने केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देने के बारे में अपनी पार्टी का रुख दोहराया।

सीएम केजरीवाल के इस्तीफे पर क्या बोले संजय?

केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद इस महीने की शुरुआत में, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा था कि 'सरकार जेल से नहीं चलेगी'। सक्सेना की बात को खारिज करते हुए सिंह ने कहा, 'क्या केजरीवाल को दिल्ली के एलजी (उपराज्यपाल) ने चुना है? दिल्ली की दो करोड़ जनता ने मुफ्त शिक्षा, मुफ्त पानी, मुफ्त बस यात्रा और युवाओं को रोजगार देने के लिए केजरीवाल को चुना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल देश में सबसे अच्छा काम कर रहे हैं। क्या उन्हें इसलिए इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि भाजपा ऐसा कह रही है? वे इस तरह का चलन शुरू करेंगे।'

उन्होंने कहा, 'वे (तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके) स्टालिन, (तेलंगाना के मुख्यमंत्री) रेवंत रेड्डी, (पंजाब के मुख्यमंत्री) भगवंत मान को गिरफ्तार करेंगे और उनसे इस्तीफा देने के लिए कहेंगे। इस तरह, कोई भी पार्टी (भाजपा के अलावा) नहीं बचेगी। यह कैसा मजाक है? दो झूठी प्राथमिकी दर्ज करें और उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहें।' सिंह ने कहा कि अगर यह चलन शुरू हुआ तो लोकतंत्र और जनादेश नहीं बचेगा।

भाजपा पर जमकर बरसे आप सांसद संजय सिंह

संजय सिंह ने सवाल किया, 'क्या हम भाजपा के मुताबिक काम करेंगे?' भाजपा को 'बंगारू जनता पार्टी' बाते हुए उन्होंने कहा कि इससे सीखने लायक कुछ नहीं है। वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण का जिक्र कर रहे थे जिन्हें भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराया गया था। सिंह ने कहा, 'हमें केवल देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए उनसे लड़ना है।'

पार्टी के भविष्य को लेकर पूछे गए सवालों पर सिंह ने कहा कि भाजपा अगर यह सोचती है कि वह केजरीवाल को जेल में डालकर दिल्ली के लोगों के लिए काम करने से रोक सकती है, तो वह सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा, 'इस देश की तानाशाह सरकार को समझना होगा कि आप का जन्म एक आंदोलन से हुआ है। अरविंद केजरीवाल, सत्येन्द्र जैन, मनीष सिसोदिया को जल्द ही न्याय मिलेगा और वे जेल से बाहर आएंगे तथा अधिक ताकत से लड़ेंगे।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article