Sharad Pawar on Samajwadi Party: शरद पवार ने सपा नेता अबू आजमी के एमवीए छोड़ने की घोषणा पर कहा है कि समाजवादी पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व विपक्षी एकता पर अडिग है। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को दावा किया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के 23 नवंबर को आए नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत ‘महायुति’ गठबंधन को मिली भारी जीत के बाद राज्य की जनता में कोई उत्साह या खुशी नहीं दिखाई दे रही।
महायुति पर शरद पवार ने कसा तीखा तंज
शरद पवार ने पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि विपक्ष को चिंता करने की जरूरत नहीं है, लेकिन उसे इस झटके के बाद जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए)यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेगा कि सरकार अपने सभी चुनाव पूर्व वादों पर अमल करे, जिनमें ‘लाडकी बहिन’योजना के तहत महिलाओं को हर माह वित्तीय सहायता 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,100 रुपये करना शामिल है। राजनीति में दशकों का अनुभव रखने वाले पवार ने कहा, ‘‘महायुति को मिले भारी जनादेश के बाद लोगों में कोई उत्साह नहीं दिख रहा है।’’ पवार नीत पार्टी 288 सदस्यीय विधानसभा में केवल 10 सीट पर विजयी हुई है।
सचमुच महाराष्ट्र में एमवीए का साथ छोड़ रही है सपा?
शरद पवार ने सपा नेता अबू आजमी के एमवीए छोड़ने की घोषणा को लेकर सवाल पर कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) का केंद्रीय नेतृत्व विपक्षी एकता पर अडिग है। सपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष आजमी ने शुक्रवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूटीबी) के कारण एमवीए से अलग हो रही है क्योंकि ठाकरे के करीबी ने दिसंबर 1992 में बाबरी मस्जिद को ढहाने वालों की प्रशंसा की है।
महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति के सवाल पर पवार ने कहा कि एमवीए के घटक दल इस बात पर जोर नहीं दे सकते कि उन्हें यह पद मिले, क्योंकि उनके पास आवश्यक संख्याबल नहीं है। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में समाजवादी पार्टी के दो विधायक हैं।
किस पोस्ट के बाद भड़के सपा नेता अबू आजमी?
सपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख अबू आजमी ने कहा, ‘‘शिवसेना (यूटीबी) द्वारा बाबरी मस्जिद ढहाये जाने के लिए लोगों को बधाई देते हुए एक अखबार में विज्ञापन दिया गया था। उनके (उद्धव ठाकरे के) सहयोगी ने भी मस्जिद को ढहाये जाने की सराहना करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया है।’’ आजमी ने से कहा, ‘‘हम एमवीए छोड़ रहे हैं। मैं (समाजवादी पार्टी अध्यक्ष) अखिलेश सिंह यादव से बात कर रहा हूं।’’ शिवसेना (यूटीबी) के विधान पार्षद मिलिंद नार्वेकर ने बाबरी मस्जिद ढहाये जाने की घटना पर एक पोस्ट किया था, जिसके जवाब में सपा ने यह कदम उठाया।
नार्वेकर ने मस्जिद ढहाये जाने की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसके साथ ही शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे का कथन लिखा, ‘‘मुझे उन लोगों पर गर्व है जिन्होंने यह किया।’’ शिवसेना (यूटीबी) सचिव ने पोस्ट में उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और स्वयं की तस्वीरें भी पोस्ट कीं। आजमी ने कहा, ‘‘यदि एमवीए में कोई भी ऐसी भाषा बोलता है, तो भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) और उनके बीच क्या अंतर है? हमें उनके साथ क्यों रहना चाहिए?’’ उन्होंने कहा कि मस्जिद को ढहा दिया गया और इसके लिए किसी को सजा नहीं हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि लोग इसे भूल गए हैं लेकिन घाव फिर से कुरेदे जा रहे हैं।
