देश

नेपाल बाढ़: भारत ने तेज किए राहत कार्य, 5 टन दवाओं के साथ रवाना हुआ 5वां एयरक्राफ्ट, मृतकों की संख्या हुई 1,127

भारत की तरफ से राहत सामग्री एवं दवाएं भेजने का क्रम जारी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को कहा कि आपातकालीन सहायता लेकर भारत का पांचवां विमान नेपाल के लिए रवाना हो गया है। इस विमान में 11 सदस्यीय विशेष बचाव दल और 5.5 टन जरूरी दवाइयां भेजी गई हैं।

Image

नेपाल में बीते 26 अगस्त को आई बाढ़।

Photo : ANI

Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,127 हो गई है। नेपाल पुलिस ने बुधवार को बताया कि रासुवा से 45 शव, नुवाकोट से 155 शव, धादिंग से 59, चितवन से 348. गोरखा से 66, तानहुन से 38, नवलपरासी पूर्व से 217 और नवलपरासी पश्चिम से 190 शव बरामद हुए हैं। इसके अलावा नौ शव भारत से बरामद हुए हैं। यह ध्यान देने वाली बात है कि बरामद शवों में से पहचान के बाद केवल 95 शव ही पीड़ित परिवारों को सौंपे गए हैं। इस बीच, विशेषज्ञों एवं दवाओं को लेकर भारत का पांचवां एयरक्रॉफ्ट नेपाल के लिए बुधवार को रवाना हो गया।

शवों के डीएनए सैंपल सुरक्षित रखे जा रहे

एक दिन पहले, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के शवों और अब तक अज्ञात शवों का प्रबंधन कानून के अनुसार और वैज्ञानिक प्रक्रियाओं के तहत किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'सरकार केवल उन शवों का प्रबंधन कर रही है, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। साथ ही, उनकी पहचान में मदद करने वाले डीएनए सैंपल और अन्य सबूतों को सुरक्षित रखा जा रहा है।'

उन्होंने आगे कहा, 'शवों के प्रबंधन में नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल की मदद ली जा रही है। जिन शवों की पहचान हो गई है, उन्हें उनके परिजनों को सौंपा जा रहा है।'

पांचवां विमान नेपाल के लिए रवाना

इस बीच, भारत की तरफ से राहत सामग्री एवं दवाएं भेजने का क्रम जारी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को कहा कि आपातकालीन सहायता लेकर भारत का पांचवां विमान नेपाल के लिए रवाना हो गया है। इस विमान में 11 सदस्यीय विशेष बचाव दल और 5.5 टन जरूरी दवाइयां भेजी गई हैं। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, 'भारत का पांचवां विमान नेपाल के लिए रवाना हो गया है। इसमें विशेष उपकरणों से लैस 11 सदस्यीय बचाव दल और 5.5 टन जरूरी दवाइयां हैं।'

सुरंगों पर चीन के विशेषज्ञ भी तैनात

यह विमान ऐसे समय नेपाल भेजा गया है, जब बुधवार को नेपाल पुलिस के अनुसार, देश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,127 हो गई है। नेपाल के लिए राहत विमान भेजने की यह पहल भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ (पड़ोसी प्रथम) नीति और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) ढांचे के तहत की गई है। इसके अलावा, नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत और चीन की विशेष अंतरराष्ट्रीय सुरंग बचाव टीमों को नेपाल सेना के साथ महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं पर तैनात किया गया है। यह तैनाती भोते कोशी नदी में आई विनाशकारी अचानक बाढ़ के बाद की गई है।

151 भारतीय नागरिक चीन से बाहर निकल गए

इस बीच, विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि नेपाल के आपदा प्रभावित इलाकों से बचाए गए भारतीय नागरिकों की संख्या 163 हो गई है। सोमवार के बाद इसमें पांच और लोगों को शामिल किया गया है। X पर साझा किए गए एक अपडेट में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यह भी बताया कि मंगलवार को 151 भारतीय नागरिक चीन से बाहर निकल गए।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article