देश

Salman Khan House Firing Case: सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, गुजरात के भुज से मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने दबोचा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 16, 2024, 06:21 AM IST

Salman Khan House Firing Case: सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी गुजरात के भुज से हुई है।

Image

सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार

Salman Khan House Firing Case: फिल्म अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी गुजरात के भुज से हुई है। मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी पुष्टि भी की की है।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों की लोकेशन गुजरात के भुज में मिली थी, जिसके बाद एक टीम को गुजरात भेजकर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। सुबह तक दोनों को मुंबई लाया जाएगा, यहां पुलिस इनसे पूछताछ करेगी। जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने दोनों आरोपियों को भुज में मता के मढ़ के पास से गिरफ्तार किया है।

बिहार के चंपारण के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस के मुताबिक, दोनोंं आरोपियों की पहचान विक्की गुप्ता (24) और सागर (21) के रूप में हुई है। ये दोनों बिहार के चंपारण के रहने वाले हैं। पुलिस को शक है कि दोनों आरोपियों ने कुछ दिन पहले मुंबई के उपनगर बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के आसपास रेकी की थी। दोनों आरोपी करीब एक महीने तक नवी मुंबई के पनवेल इलाके में किराये के मकान में रहे, इसी इलाके में सलमान का एक फार्महाउस है। पुलिस ने बताया, घटना वाले दिन आरोपी मोटाइसाइकिल से आए थे। हालांकि, दोनों ने मोटरसाइकिल सलमान के घर से लगभग एक किलोमीटर दूर माउंट मैरी गिरजाघर के पास छोड़ दी थी।

रविवार सुबह 5 बजे हुई थी फायरिंग

बता दें, रविवार को सुबह 5 बजे सलामान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर चार राउंड हवाई फायरिंग की गई थी। दोनों शूटर घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए, दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था। पुलिस को सलमान खान के अपार्टमेंट के बाहर उन गोलियों के निशान भी मिले थे। पुलिस के मुताबिक, चर्च के पास मोटरसाइकिल छोड़कर आरोपी कुछ दूर तक पैदल चले और बांद्रा रेलवे स्टेशन के लिए एक ऑटोरिक्शा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी बोरीवली की ओर जाने वाली एक ट्रेन में चढ़े लेकिन सांताक्रूज रेलवे स्टेशन पर उतर गए और वहां से बाहर निकल गए।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article