देश

दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस ने रांची के लॉज से आईएसआईएस के संदिग्ध आतंकी को किया गिरफ्तार

रांची से एक संदिग्ध आतंकी को दिल्ली की स्पेशल पुलिस फोर्स के साथ स्थानीय पुलिस और झारखंड ATS ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इस्लामनगर इलाके से गिरफ्तार किया।

Image

झारखंड की राजधानी रांची से आतंकी गिरफ्तार

Ranchi Terrorist Arrested: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को रांची के लोअर बाजार इलाके से आईएसआईएस से जुड़े संदिग्ध आतंकी अशहर दानिश को गिरफ्तार किया गया। उसने शहर के इस्लामनगर स्थित तबारक लॉज को ठिकाना बना रखा था। उसके पास से हथियार, केमिकल और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। दिल्ली पुलिस और एटीएस ने झारखंड के पलामू में भी छापेमारी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आतंकी अशहर दानिश मूल रूप से झारखंड के बोकारो जिले के पेटरवार का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल काफी समय से उसकी तलाश में थी। उसके खिलाफ दिल्ली में दर्ज एक मामले के आधार पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

विश्वसनीय इनपुट मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस ने साझा अभियान चलाकर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद दानिश को दिल्ली पुलिस की टीम रिमांड पर अपने साथ ले जाएगी।

हथियार और विस्फोटक सामग्री बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल मिले

सूत्रों के अनुसार, तबारक लॉज में छापेमारी के दौरान पुलिस को हथियार और विस्फोटक सामग्री बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल मिले हैं। इसके अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनकी तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि दानिश किसी बड़ी साजिश की तैयारी में था।

उस दौरान नौ संदिग्धों को पकड़ा गया था

पिछले साल भी झारखंड एटीएस और दिल्ली पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से रांची, हजारीबाग और लोहरदगा में 16 जगहों पर छापेमारी की थी। उस दौरान नौ संदिग्धों को पकड़ा गया था, जिनमें रांची के मेडिका अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत डॉ. इश्तियाक अहमद भी शामिल था। ताजा गिरफ्तारी से यह साफ हो गया है कि आतंकी संगठन झारखंड को सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। एजेंसियां अब बरामद सामग्रियों की फॉरेंसिक जांच और आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article