देश

राम मंदिर: सोनिया-खरगे को भी मिला प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता; देखें VIP गेस्ट की पूरी लिस्ट

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Dec 21, 2023, 07:29 AM IST

Ram Mandir Guest List: राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अधीर रंजन चौधरी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, एचडी देवगौड़ा, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंंद, प्रतिभा पाटिल को भी निमंत्रण भेजा गया है। इसके अलावा कई विपक्षी नेताओं को भी आमंत्रित किए जाने की तैयारी है।

Image

राम मंदिर

Photo : Twitter

Ram Mandir Guest List: अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजक इस समारोह को भव्य और दिव्य बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। ऐसे में इस समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई दिग्गजों को आमंत्रित किया जा रहा है। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की गेस्ट की लिस्ट में अब कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और पार्टी के अध्यख मल्लिकार्जुन खरगे भी शुमार हैं। जानकारी के मुताबिक, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी को 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रण दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, इस समारोह के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवगौड़ा को भी न्योता भेजा गया है। हालांकि, इन नेताओं के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावनाएं कम हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, आने वाले दिनों में अन्य विपक्षी नेताओं को भी प्राण-प्रतिष्ठा समोराह का निमंत्रण भेजा जाएगा। इसके अलावा सभी राजनीतिक दलों के प्रमुखों को भी बुलाए जाने की संभावना है।

गेस्ट की लिस्ट में पूर्व राष्ट्रपति भी शामिल

राम मंदिर के कार्यक्रम के लिए पूर्व राष्ट्रपतियों को भी बुलाए जाने की तैयारी है। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रतिभा पाटिल को भी निमंत्रण भेजा है। इसके अलावा सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी, सीपीआई महासचिव डी राजा, बीएसपी प्रमुख मायावती, आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को भी आमंत्रित किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में विभिन्न संप्रदायों के लगभग 4000 संत भी भाग ले सकते हैं। इस भव्य कार्यक्रम के लिए भारतीय रेलवे भी 1000 स्पेशल ट्रेंने चलाने की तैयारी कर रहा है।

VIP गेस्ट लिस्ट में बॉलीवुड से लेकर वैज्ञानिक तक

राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए तैयार की गई गेस्ट की लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेता, उद्योगपति, सेना अधिकारी, वैज्ञानिक, पद्म श्री और पद्म भूषण पुरस्कार विजेता भी शामिल हैं। अतिथि सूची में दलाई लामा, बाबा रामदेव, उद्योगपति गौतम अडानी, मुकेश अंबानी, टाटा समूह के नटराजन चंद्रशेखरन, अभिनेता रजनीकांत, माधुरी दीक्षित, अरुण गोविल, कृष्ण भारद्वाज को भी निमंत्रण भेजा गया है।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article