देश

न हों परेशान! देशभर में चलेंगी 12,000 त्योहारी स्पेशल ट्रेनें; रेलवे ने बिहार का रखा खास ध्यान

Festival Special Train: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज बिहार के लिए कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की घोषणा की, जो दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई हैं। रेलवे द्वारा देशभर में दो महीनों के भीतर 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

Image

देशभर में चलेंगी 12,000 त्योहारी स्पेशल ट्रेनें (फाइल फोटो साभार: iStock)

Photo : iStock

Festival Special Train: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज बिहार के लिए कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की घोषणा की, जो दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई हैं। रेलवे द्वारा देशभर में दो महीनों के भीतर 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिसमें बिहार के लिए भी बड़ी संख्या में ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके साथ ही 13 से 26 अक्टूबर के बीच की वन-वे यात्रा और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच की वापसी यात्रा पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जाएगी। यह योजना फिलहाल प्रयोगात्मक आधार पर शुरू की जा रही है।

वैष्णव ने बताया कि बिहार के नेताओं से यात्रियों की जरूरतों को लेकर चर्चा के बाद मंत्रालय ने न सिर्फ नयी ट्रेन चलाने की योजना बनाई है, बल्कि कई अन्य योजनाएं और आधारभूत बुनियादी ढांचा परियोजनाएं भी तैयार की हैं। वैष्णव के अनुसार, सामान्य श्रेणी के यात्रियों की सुविधा के लिए चार नयी अमृत भारत ट्रेन शुरू की जाएंगी, जो दिल्ली-गया, सहरसा-अमृतसर, छपरा-दिल्ली और मुजफ्फरपुर-हैदराबाद मार्गों पर चलेंगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, पूर्णिया और पटना के बीच बहुत जल्द एक वंदे भारत ट्रेन शुरू की जाएगी, जिससे समाज के सभी वर्गों को लाभ मिलेगा।रेल मंत्री ने बताया कि मंत्रालय ने बुद्ध से जुड़े स्थलों जैसे नालंदा और राजगीर तक पहुंच बढ़ाने के लिए बुद्ध सर्किट ट्रेन चलाने की योजना बनाई है।

बिहार को रफ्तार देंगी नई ट्रेन सेवाएं

अमृत भारत ट्रेन: गया से दिल्ली, छपरा से दिल्ली, सहरसा से अमृतसर, और मुज़फ्फरपुर से हैदराबाद के लिए शुरू होगी।

बुद्ध सर्किट ट्रेन: यह ट्रेन वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, फतुहा, राजगीर, नालंदा, गया और कोडरमा जैसे बौद्ध स्थलों को जोड़ेगी।

वंदे भारत एक्सप्रेस: पूर्णिया से पटना के बीच जल्द ही चलेगी, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

अन्य बुनियादी ढांचा विकास की घोषणाएं:

  • बक्सर-लखीसराय सेक्शन में तीसरी और चौथी रेल लाइन का निर्माण।
  • लौकाहा में वॉशिंग पिट की स्थापना।
  • पटना के चारों ओर रिंग रेलवे का निर्माण।
  • सुल्तानगंज को देवघर से रेल लाइन द्वारा जोड़ा जाएगा।
  • बिहार में कई स्थानों पर RoBs और RUBs (रेलवे ओवरब्रिज/अंडरपास) का निर्माण होगा।

इस अवसर पर रेल मंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद संजय झा और सांसद डॉ. संजय जायसवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने राज्यवासियों को आने वाले पर्वों की शुभकामनाओं के साथ इन योजनाओं की सौगात दी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article