ओडिशा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा से पहले रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज ओडिशा दौरे पर हैं, जहां वह भगवान जगन्नाथ की आगामी रथ यात्रा के लिए रेलवे की व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करेंगे। दौरे के दौरान वह पुरी–कोरापुट एक्सप्रेस और ब्रह्मपुर–उधना अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पुरी और ब्रह्मपुर में आयोजित उद्घाटन समारोह में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी शामिल होंगे।
दो नई ट्रेनें
पूर्व तटीय रेलवे के अनुसार, पुरी-कोरापुट एक्सप्रेस को पुरी रेलवे स्टेशन से रवाना किया जाएगा। यह नयी ट्रेन सेवा राज्य के तटीय क्षेत्र को दक्षिणी ओडिशा से जोड़कर राज्य के भीतर रेल संपर्क को मजबूत करेगी। यह ट्रेन खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, अंगुल, संबलपुर, बोलांगीर, दमनजोड़ी और लक्ष्मीपुर रोड सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर कोरापुट पहुंचेगी। दैनिक सेवा वाली ब्रह्मपुर-सूरत (उधना) अमृत भारत एक्सप्रेस को अपराह्न चार बजे ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन से रवाना किया जाएगा।
क्या होगा फायदा?
अधिकारियों के अनुसार, इस ट्रेन के शुरू होने से दक्षिणी ओडिशा और गुजरात के बीच लंबी दूरी की रेल संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी तथा देश के पश्चिमी क्षेत्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी।
300 से अधिक विशेष ट्रेनें
रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 800 से अधिक नियमित ट्रेनों के अलावा 300 से अधिक विशेष ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है, जबकि ओणम के अवसर पर भी 100 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
रेलवे की बड़ी तैयारी
बता दें कि रेलवे यात्री आरक्षण प्रणाली का उन्नयन कर रहा है, जिससे वह प्रति मिनट 1.25 लाख तक टिकट बुकिंग की व्यवस्था कर सकेगा जो मौजूदा क्षमता 25,000 टिकट प्रति मिनट से पांच गुना अधिक है। रेल मंत्रालय की प्रौद्योगिकी इकाई रेल सूचना प्रणाली केंद्र (क्रिस) ने कहा कि यह बढ़ी हुई क्षमता टिकट बुकिंग में उल्लेखनीय सुधार करेगी और भारतीय रेलवे को यात्री आरक्षण सेवाओं की बढ़ती मांग को अधिक दक्षता के साथ पूरा करने में सक्षम बनाएगी।
