PM Narendra Modi Haryana Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच संचालित की जाएगी और इसे भारतीय रेलवे की हरित एवं आधुनिक परिवहन पहल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पीएम मोदी देंगे कई सौगातें
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण के बाद उसका उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह जींद में तैयार हो रहे मेडिकल कॉलेज का भी लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इसके बाद प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
दौरे को लेकर तैयारी तेज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 6 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जींद में तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा समेत कई वरिष्ठ नेता और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल एडवांस स्टेज पर
वहीं इससे पहले उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन भवन और हाइड्रोजन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने जानकारी दी कि एडीसी प्रदीप कुमार के साथ एकलव्य स्टेडियम का दौरा किया, जहां संभावित उद्घाटन समारोह स्थल और हेलीपैड होगा। डीआरएम ने यह भी बताया कि हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल काफी एडवांस स्टेज पर है। इसके साथ ही स्पीड ट्रायल सोनीपत से जींद सेक्शन में हो चुका है। फिलहाल अन्य सेक्शन में ट्रायल जारी है। डीआरएम ने हाइड्रोजन प्लांट में तकनीकी खराबी के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि यह एक बड़ा प्रोजेक्ट है और भारत में पहली बार हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
