देश

फिर गलती कर गई कांग्रेस? जो विपक्ष राहुल गांधी की सजा पर हुआ था एकजुट, वो सिर्फ एक बयान से लगा है टूटने

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 28, 2023, 05:14 PM IST

Rahul Gandhi Savarkar Controversy: 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस विपक्षी एकता के लिए कोशिश कर रही थी, जिसमें राहुल गांधी की सजा और सदस्यता रद्द होने के मुद्दे पर सफलता भी मिलती दिखी, लेकिन राहुल गांधी के एक बयान ने इसे फिर से खतरे में डाल दिया है। अब विपक्षी एकता पर फिर से प्रश्न चिह्न लग गया है।

Image

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकता में दरार

Rahul Gandhi Savarkar Controversy: राहुल गांधी को जब मानहानि के केस में दो साल की सजा हुई तो लगभग सभी विपक्षी दल इस मामले पर कांग्रेस के साथ खड़े दिखे, इसके बाद जब अगले दिन उनकी लोकसभा से सदस्यता रद्द हो गई, तब तो सभी विपक्षी दल पूरी तरह से एकजुट हो गए और बीजेपी पर निशाना साधने लगे। ऐसा लगा कि जैसे मौका कांग्रेस को 2024 के चुनाव से पहले चाहिए था, वो मिल गया है। जो अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, केसीआर... 2024 के लिए अलग मोर्चा बनाने में जुटे थे, कांग्रेस पर निशाना साध रहे थे, वो भी राहुल गांधी के साथ खड़े दिखे और कड़े शब्दों में इस कार्रवाई की आलोचना भी की, लेकिन सिर्फ एक बयान के कारण विपक्षी एकता अब खतरे में दिख रही है।

राहुल गांधी ने फिर कर दी गलती?

दरअसल सदस्यता जाने के बाद राहुल गांधी ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया था, जिसमें उन्होंने कहा था- "मेरा नाम सावरकर नहीं है, मैं गांधी हूं, मांफी नहीं मागूंगा।" राहुल गांधी पहले से भी सावरकर को लेकर आरएसएस और बीजेपी पर निशाना साधते रहे हैं, तब भी इस मुद्दे पर उन्हें विरोध झेलना पड़ता था, लेकिन इस बार सीधे गठबंधन तोड़ने की धमकी मिल गई है। वो भी उस सहयोगी से जो है तो कांग्रेस के साथ गठबंधन में नया, लेकिन सपोर्ट किसी पुरानी सहयोगी की तरह करता आया है। सावरकर विवाद के बाद अब कहा जाने लगा है कि 2024 के चुनाव से पहले राहुल गांधी ने क्या फिर से एक बड़ी गलती कर दी है, जिससे कांग्रेस का बना बनाया खेल बिगड़ जाएगा?

किसने किया विरोध

राहुल गांधी ने जैसे ही यह बयान दिया, महाराष्ट्र से विरोध की आवाज सुनाई देने लगी। एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना से लेकर सावरकर का परिवार तक इसके विरोध में खड़ा हो गया, लेकिन कांग्रेस को झटका उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना ने दिया है। इस बयान के बाद उद्धव ठाकरे खुद सामने आए और साफ कर दिया कि वो और उनकी पार्टी, सावरकर के खिलाफ बयान को बर्दाश्त नहीं करेगी। उद्धव ठाकरे अभी महाराष्ट्र में कांग्रेस के साथ हैं, सत्ता में रह चुके हैं, गठबंधन भले ही नया हो, लेकिन गठबंधन के बाद से उन्होंने कांग्रेस का साथ हर मोर्चे पर दिया है, लेकिन सावरकर विवाद के बाद उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस की मीटिंग से किनारा कर लिया।

कांग्रेस को नसीहत

ऐसा नहीं कि उद्धव ठाकरे ही इस मामले पर कांग्रेस पर भड़के हों। एनसीपी चीफ शरद पवार ने भी इस मामले पर कांग्रेस को नसीहत दी है। शरद पवार ने इस मामले पर खुद मोर्चा संभाला और कांग्रेस से साफ कहा कि सावरकर विवाद, महाराष्ट्र में गठबंधन के लिए सही नहीं होगा। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को इस मुद्दे पर शिवसेना की चिंताओं से भी अवगत कराया। जिसके बाद कहा जा रहा है कि कांग्रेस इस बात पर सहमत हो गई है कि आगे से सावरकर के मुद्दे पर पार्टी तीखी आलोचना नहीं करेगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article