Rajasthan Panchayat Results: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के पंचायत चुनावों के नतीजों को लेकर शुक्रवार को सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सीधे डबल इंजन को जवाब आया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में पंचायत चुनावों में कांग्रेस को समर्थन देने के लिए राजस्थान की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा, ''राजस्थान के ग्रामीण भाइयों-बहनों का दिल से धन्यवाद। पंचायत चुनाव में आपने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वो अब हमारी जिम्मेदारी है। ये जवाब भाजपा की अपनी सरकार वाले राज्य से आया है - सीधे 'डबल इंजन' को।''
उन्होंने कहा कि भाजपा ने मनरेगा पर हमला किया, किसान को घाटे में डुबोया, पंचायतों के अधिकार छीने। महंगाई, बेरोजगारी और पलायन ने गांव सूने कर दिए। गांव सब देख रहा था, सह रहा था। अब उसने बोल दिया है। ये सिर्फ राजस्थान का जनादेश नहीं- देश के हर गांव की आवाज है।
पंचायत चुनावों में कांग्रेस की बल्ले-बल्ले
राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में से कांग्रेस ने 269 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 73 पंचायत समितियों में सफलता मिली। वहीं, अन्य ने 60 समितियों पर जीत दर्ज की। जिला परिषद चुनाव में भी कांग्रेस का बोलबाला रहा। कांग्रेस ने 27 तो भाजपा ने 6 पर जीत दर्ज की, जबकि एक सीट अन्य के हिस्से में आई।
'कांग्रेस ने गाड़ दिए झंडे'
कांग्रेस ने कहा कि राजस्थान के पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस ने झंडे गाड़ दिए हैं। जनता ने कांग्रेस को पूर्ण बहुमत के साथ बम्पर जीत दिलाई है। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस की तूती बोली है। ये नतीजे राजस्थान में भाजपा के भ्रष्टाचार और जंगलराज से निराश लोगों के गुस्से का जीता-जागता सबूत हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पंचायत चुनावों में पार्टी को समर्थन देने के लिए राजस्थान की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक विश्लेषक राजस्थान में 'राजनीतिक जलवायु परिवर्तन' की बात कर रहे हैं, लेकिन यह जलवायु परिवर्तन नहीं, बल्कि जनता द्वारा प्रदेश के राजनीतिक माहौल का सही आकलन है।
