देश

सिंधु घाटी से मेसोपोटामिया तक... SCO मंच पर PM मोदी ने बताई भारत की प्राचीन कनेक्टिविटी

SCO Civilisational Dialogue Forum: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का शुक्रवार को उद्धाटन किया।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Photo : Times Now Digital

SCO Civilisational Dialogue Forum: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का शुक्रवार को उद्धाटन किया। उन्होंने कहा कि यह पहला एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम है। मैं भारत में आए सभी अतिथियों का स्वागत करता हूं, अभिनंदन करता हूं। ऐसे समय में, जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हावी है, हम भारत में सिविलाइजेशनल डायलॉग और कनेक्ट पर डायलॉग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस वक्त हम दिल्ली के पुराने किले में हैं। यह पुराना किला भारत की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है। इसका इतिहास जितना आकर्षक है, उतनी ही फैसिनेटिंग गाथाएं भी इसका हिस्सा हैं। आपने शायद इसके बारे में सुना और पढ़ा भी होगा। विद्वानों के अनुसार, इस किले का इतिहास हजारों वर्ष पूर्व महाभारत काल तक जाता है।

PM मोदी ने समझाया समिट का उद्देश्य

पीएम मोदी ने कहा कि इतने प्राचीन स्थान पर भव्य कल्चरल परफॉर्मेंसेज, वेद मंत्रों का ऊर्जा से भरा पाठ, बौद्ध दर्शन की प्रस्तुति, हनुमान जी की यात्रा... इनमें भारत की संस्कृति के दर्शन भी हो रहे थे और मानवता के लिए प्रेम और एकता का संदेश भी था। ये भाव, ये विचार, ये शिक्षाएं जितनी प्राचीन हैं, उतनी ही यूनिवर्सल भी हैं। जियो-पॉलिटिकल सीमाओं से परे, ये हमें सहज ही एक-दूसरे से जोड़ देती हैं। यही इस समिट का उद्देश्य भी है और यही समय की मांग भी है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया में इंटरनेशनल कोलैबोरेशन और पीपल-टू-पीपल कनेक्ट की बहुत चर्चा होती है। यह एक ऐसी अप्रोच है, जिसे हम सभी के पूर्वजों ने सदियों तक समृद्ध किया था। करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी की सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच ट्रेड संबंध थे। बाद में दूसरे व्यापार मार्गों ने उस संपर्क मार्ग को नया विस्तार दे दिया। पीएम मोदी ने कहा, ''भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के अनेक क्षेत्र इन प्राचीन ट्रेड नेटवर्क से जुड़े। इन रास्तों पर व्यापारियों के साथ स्कॉलर्स और बौद्ध भिक्षुओं का आना-जाना होता था। इन यात्राओं से विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ।''

उन्होंने कहा कि साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे जरूर बदले हैं, लेकिन सिविलाइजेशनल डायलॉग ने दुनिया के विचार बदले हैं, उन्हें समृद्ध किया है। इसलिए, एससीओ सिविलाइजेशनल समिट केवल एक समारोह मंच नहीं है। ये विश्व को दिशा देने का एक मंच बन सकता है।

'डिजिटल प्लेटफॉर्म ने नॉलेज शेयरिंग को बनाया आसान'

पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी की टेक्नोलॉजी ने दुनिया में कल्चरल कनेक्टिविटी की नई संभावनाएं पैदा की हैं। जिन रास्तों पर कभी हमारे पूर्वजों को महीनों यात्रा करनी पड़ती थी, आज उन्हीं देशों के लोग कुछ ही सेकंड में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म ने नॉलेज शेयरिंग, कल्चरल एक्सचेंज और इंटरनेशनल कोलैबोरेशन को पहले से आसान बना दिया है। SCO के देशों को इन नई संभावनाओं का पूरा लाभ उठाना चाहिए।

'पूरा विश्व ही हमारा परिवार'

उन्होंने आगे कहा कि भारत में जब हम कोई पूजा या अनुष्ठान करते हैं, तो भी हम प्रार्थना करते हैं कि प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो, क्योंकि हमारी संस्कृति ने हमें 'वसुधैव कुटुंबकम्' की सीख दी है। यानी ये पूरा विश्व ही हमारा परिवार है। इसलिए, हमारे यहां अपने कल्याण की इच्छा विश्व कल्याण के भाव में ही रची बसी है। हम आपसी सद्भाव को ही वैश्विक भलाई का आधार मानते हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article