Ganga Expressway: पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश का सबसे लंबे एक्सप्रेस वे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्धाटन किया। । यह एक्सप्रेसवे मेरठ से सीधा प्रयागराज जोड़ेगा। आप कुछ ही घंटों में संगम पहुंच सकते हैं और कुछ ही घंटों में बाबा विश्वनाथ की पूजा कर वापस आ सकते हैं। मुझे खुशी है यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेसवे का नाम गंगा एक्सप्रेसवे रखा है। मैं यूपी के करोड़ों लोगों को गंगा एक्सप्रेसवे की बधाी देता हूं।
बंगाल में निर्भिक वातावरण में हो रही वोटिंग: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, "आज लोकतंत्र के उत्सव का अहम दिन है। आज बंगाल में चुनाव हो रहे हैं। बंगाल में वोटिंग के लिए लंबी-लंबी कतारों की वीडियो सोशल मीडिया पर छाई है। आज बंगाल में निर्भिक वातावरण में वोटिंग हो रही है।"
उन्होंने कहा,"मैं बंगाल की महान जनता का अभिनंदन करना चाहता हूं कि वो बड़ी तादाद में वोटिंग कर रहे हैं। जब बिहार में चुनाव हुए थे तो बीजेपी-एनडीए सरकार ने इतिहास रच दिया है।"
भाजपा, ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही: पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा, ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। 4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे। देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।
उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले बिहार में चुनाव हुए थे, तब भाजपा-एनडीए ने शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया था। कल ही गुजरात में नगर निगमों, नगरपालिकाओं, जिला पंचायतों, नगर पंचायतों, तहसील पंचायतों आदि के चुनाव परिणाम आए हैं। भाजपा ने 80 से 85 प्रतिशत नगरपालिकाओं और पंचायतों में जीत हासिल की है। मुझे पूरा विश्वास है कि इन पांचों राज्यों में भी भाजपा जीत की ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी करेगी। 4 मई के परिणाम विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे। ये देश के विकास की गति में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
इस दौरान पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी भी भाई-भतीजावाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती। ये लोग हमेशा विकास विरोधी राजनीति में लिप्त रहेंगे। उत्तर प्रदेश को समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगियों से सावधान रहना चाहिए।
महिला विरोधी और विकास विरोधी है समाजवादी पार्टी: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी विकास विरोधी और महिला विरोधी दोनों है। हाल के दिनों में, देश ने एक बार फिर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का महिला विरोधी चेहरा देखा है। केंद्र सरकार (एनडीए) ने नारी शक्ति वंदन संशोधन लाया था, और अगर यह संशोधन पारित हो जाता, तो 2029 के चुनावों से शुरू होकर लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण मिल जाता। बड़ी संख्या में महिलाएं निर्वाचित होकर लखनऊ और दिल्ली पहुंचतीं, और वह भी किसी अन्य वर्ग की सीटों में कटौती किए बिना। लेकिन समाजवादी पार्टी ने इस संशोधन के खिलाफ मतदान किया।
