Indonesia Highest Honour: इंडोनेशिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'Bintang Adipurna' से सम्मानित किया है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने इस सम्मान की घोषणा की। इस मौके पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों पर बात की और इस सम्मान के लिए इंडोनेशिया और वहां की जनता का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि ये सम्मान करोडों भारतवासियों का है।
सम्मान मिलने पर क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलने पर कहा कि आज सुबह, मुझे बहुत स्नेह के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। ये सम्मान कोटि-कोटि भारतवासियों का है... इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं का है, भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का है। मैं प्रेसिडेंट प्रबोवो जी, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
भारत-इडोनेशिया संबंधों पर की बात
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देशों के बीच बढ़ता विश्वास हमारी रक्षा, सुरक्षा और मैरीटाइम (समुद्री) सहयोग को मजबूत कर रहा है। आज हमने डिफेंस एक्सचेंज, डिजास्टर मैनेजमेंट और इंडस्ट्रियल सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनाई। पीएम ने कहा, "2018 में बनी हमारी कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप आज एक नई उड़ान ले रही है। हम डेवलपमेंट, सिक्योरिटी, टेक्नोलॉजी, कल्चर और एजुकेशन... हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहे हैं। मुझे विश्वास है, आज से भारत-इंडोनेशिया साझेदारी का एक सुनहरा अध्याय शुरू होगा।" पीएम मोदी ने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि भारत की यूपीआई इंडोनेशिया के पेमेंट सिस्टम के साथ इंटीग्रेट होने जा रही है। इससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और ईज ऑफ ट्रैवल, दोनों को ही बल मिलेगा।
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह पुरस्कार ’’भारत-इंडोनेशिया के मेत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक’’ है। जायसवाल ने ’एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ’’प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो द्वारा ’बिन्तांग आदिपूर्ण ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ मेडल ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। यह इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान है।’’ उन्होंने कहा, ’’यह सम्मान प्रधानमंत्री के उस नेतृत्व के सम्मान में प्रदान किया गया है, जिसके माध्यम से भारत और इंडोनेशिया के बीच मित्रता को मजबूत करने तथा इंडोनेशिया की एकता, निरंतरता और समृद्धि को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।’’ उन्होंने कहा, ’’प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत की जनता और भारत-इंडोनेशिया के बीच घनिष्ठ मित्रता को समर्पित किया है।’’
