देश

हम जीजा-भतीजा का समर्थन नहीं करते- संसद में वित्त मंत्री ने कांग्रेस को घेरा, राजस्थान बजट भाषण पर ली चुटकी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 10, 2023, 06:31 PM IST

संसद में अडानी मामले को लेकर हंगामा जारी है। विपक्ष इस मामले को लेकर सरकार पर हमला बोल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब नहीं दिया। खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बेरोजगारी, महंगाई, अडानी, रुपये की गिरती कीमत और अन्य मुद्दों पर बात नहीं की।

Image

लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान जवाब देती हुईं वित्त मंंत्री निर्मला सीतारमण

Photo : Twitter

शुक्रवार को लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पर चर्चा पर जवाब देते हुए हुए कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने अडानी समेत उन मुद्दों पर कांग्रेस और राहुल गांधी को घेरा जिस पर विपक्ष इस समय संसद में हंगामा कर रहा है। वित्त मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां किसी जीजा-भतीजा का समर्थन नहीं करती हैं।

वित्त मंत्री ने कहा- "एक विपक्षी नेता के दावे के विपरीत हम किसी एक व्यक्ति को ध्यान में रखकर नीतियां नहीं बनाते हैं। हम सभी को ध्यान में रखकर नीतियां बनाते हैं। हम जीजा और भतीजा का समर्थन करने वाली पार्टी नहीं हैं। यह कांग्रेस की संस्कृति है।"

महंगाई को लेकर पूछे गए सवाल पर वित्त मंत्री ने कांग्रेस सांसद को घेरते हुए कहा- "गौरव गोगोई को हिमाचल सरकार से पूछना चाहिए कि चुनाव जीतने के तुरंत बाद डीजल पर 3 रुपये वैट क्यों बढ़ाया।"

आगे वित्त मंत्री ने राजस्थान के बजट भाषण पर तंज कसते हुए कहा कि वहां तो पुराना भाषण ही पढ़ दिया जाता है। उन्होंने कहा- "राजस्थान में कुछ समस्या है, वे इस साल पिछले साल का बजट पढ़ रहे थे। मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि कोई भी ऐसी गलती न करे, लेकिन आज ऐसा हुआ और इसलिए मुझे इसका जिक्र करना पड़ रहा है।"

बता दें कि शुक्रवार को लोकसभा में केंद्रीय बजट 2023-24 पर आम चर्चा के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत अभी भी सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और आगे भी रहेगा। सीतारमण ने कहा कि नई कर व्यवस्था, जो ₹7 लाख तक की वार्षिक आय पर छूट प्रदान करती है, लोगों के लिए काफी फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि बजट मध्यम वर्ग, रोजगार सृजन, एमएसएमई, कृषि क्षेत्र, ग्रामीण आबादी, स्वास्थ्य और हरित विकास पर केंद्रित है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article