देश

ओडिशा में भीषण सड़क हादसा; तीन मोटरसाइकिलों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, 5 की मौत

ओडिशा के गंजाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर ब्रह्मपुर के हल्दियापदर इलाके में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने कई दोपहिया गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे गंभीर घायल और मृतकों की संख्या बढ़ी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए राहत कार्यों और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

Image

ओडिशा में सड़क हादसा

Odisha Road Accident: ओडिशा के गंजाम जिले में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम पांच लोगों की जान चली गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना ब्रह्मपुर शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर हल्दियापदर इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार, एक ट्रक ने तीन दोपहिया गाड़ियों को कुचल दिया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि ट्रक गलत दिशा में तेजी से चल रहा था और पुल से टकराने से पहले उसने क्रमवार तीन मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

5 लोगों की हुई मौत

पुलिस के मुताबिक हादसे में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में कुछ राहगीर भी शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि तेज रफ्तार ट्रक ने तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जो करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गईं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने किया ट्वीट

दक्षिणी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक नीति शेखर ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने जानकारी दी कि बाद में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर गंजाम जिले के ब्रह्मपुर के पास हल्दियापदर में हुए इस दुखद सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी की संवेदना व्यक्त की।

चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि

पोस्ट के अनुसार मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, विपक्ष के नेता और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक तथा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी अलग-अलग सोशल मीडिया संदेशों के जरिए हादसे में हुई मौतों पर शोक जताया है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article