शहर

यूपी में बन गया तीसरा मोर्चा! ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का किया ऐलान, सभी 403 सीटों पर मिलकर लड़ेंगे चुनाव

उत्तर प्रदेश में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच गठबंधन हो गया है। इस गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है।

Image

लखनऊ में AIMIM और ASP ने किया गठबंधन का ऐलान (फोटो- AIMIM)

उत्तर प्रदेश में एक और राजनीतिक मोर्चे का उदय हो गया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान कर दिया है। दोनों के इस गठबंधन को तीसरे मोर्चे के रूप में उत्तर प्रदेश के अंदर देखा जा रहा है।

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा होगा गठबंधन का नाम

चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने UP चुनावों के लिए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने की घोषणा की है। आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने इस मौके पर कहा, "यह कोई 'तीसरा मोर्चा' नहीं है, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के लिए एक मोर्चा है। यह मजबूत है और आगे और भी मजबूत होगा। जैसे-जैसे हाशिए पर धकेले गए, वंचित, पीड़ित, शोषित और दबे-कुचले वर्गों के लोग इससे जुड़ेंगे, यह मोर्चा उन लोगों के लिए एक बहुत बड़ी ताकत बन जाएगा जो पीड़ित, बेबस और शोषित हैं... उन्होंने हमारी गरीबी और बेबसी को दूर करने, और हम पर होने वाले अत्याचारों, जातिगत हिंसा और जुल्मों को खत्म करने का वादा किया था। लेकिन यह एक धोखा निकला- जिन लोगों ने हमें ऊपर उठाने और मुख्यधारा में लाने की बात कही थी, वे खुद विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और यहां तक कि प्रधानमंत्री बन गए। फिर भी, यह हाशिए पर रहने वाला समुदाय आज भी वहीं खड़ा है जहां वह हमेशा से था। सच तो यह है कि सरकारें बदलती रहीं, घोषणाएं होती रहीं, और आज भी बहुजन समाज बुनियादी सुविधाओं से वंचित है..."

क्या बोले ओवैसी?

लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, चंद्रशेखर आजाद ने अभी घोषणा की है कि उनकी पार्टी ASP और हमारी पार्टी AIMIM मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाएंगी, जिसका हम भी हिस्सा होंगे। उन्होंने अपनी शुरुआती बातों में ही इसकी प्राथमिकताओं के बारे में बता दिया है, इसलिए मैं उन्हें दोहराऊंगा नहीं। मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि यह उत्तर प्रदेश में एक मजबूत विकल्प साबित होगा, जो BJP को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने का काम करेगा। जिन समुदायों से चंद्रशेखर आज़ाद और मैं आते हैं, और साथ ही पिछड़े या शोषित वर्गों के वे सभी लोग-चाहे उनकी जाति कुछ भी हो-इतिहास में हमेशा से केवल 'वोटर' के रूप में ही इस्तेमाल किए जाते रहे हैं..."

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article