Threat to Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। इस मामले में तिलक नगर से MLA जरनैल सिंह को धमकी भरा फोन कॉल और वाट्सएफ मैसेज भेजा गया। MLA ने 6 नवंबर को मोहाली SSP को शिकायत दी और कहा कि आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मेंबर बताते हुए केजरीवाल को 7 करोड़ रुपये देने की धमकी दी। पैसे न देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को भी जान से मारने की धमकी दी गई।
साइबर क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच
शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने BNS और IT एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। इस बीच, पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल्स, IP लॉग्स और लोकेशन की जांच कर रही है। MLA ने केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा पक्की करने की भी मांग की है।
