देश

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी: सांबा में पाकिस्तानी ड्रोन बरामद, बारामूला में हथगोले के साथ संदिग्ध गिरफ्तार

Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बीएसएफ ने संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया, वहीं बारामूला में सुरक्षा बलों ने दो हथगोलों के साथ एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया।

Image

जम्मू कश्मीर में सघन चेकिंग अभियान (फोटो- PTI)

Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और सीमा पार से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है। सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बीएसएफ ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया है, जबकि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों ने दो हथगोलों (ग्रेनेड) के साथ एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।

सांबा में 'डीजेआई मैट्रिस 300 आरटीके' ड्रोन

सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक खेत से संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, दिन के शुरुआती घंटों में सीमा पार से संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि देखे जाने के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने तुरंत ड्रोन रोधी प्रणाली को सक्रिय कर दिया और इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 800 मीटर दूर लालफामकिमा सीमा चौकी के पास एक खेत से यह ड्रोन बरामद किया गया। इसकी पहचान 'डीजेआई मैट्रिस 300 आरटीके' (DJI Matrice 300 RTK) के रूप में हुई है।

फॉरेंसिक जांच शुरू

बरामदगी के समय ड्रोन के साथ कोई पेलोड नहीं मिला है। इसके मूल स्थान, स्वामित्व और संभावित उड़ान इतिहास की तकनीकी जांच के लिए इसे फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) भेज दिया गया है।

बारामूला के तंगमर्ग में दो हथगोलों के साथ एक गिरफ्तार

दूसरी बड़ी कार्रवाई उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में हुई, जहां सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को विस्फोटकों के साथ दबोचा। पुलिस प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने तंगमर्ग के बदरकोट वन क्षेत्र से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान गुलाम जिलानी रेशी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान रेशी के पास से एक हथगोला बरामद किया गया। इसके बाद पूछताछ और उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखा गया एक अन्य हथगोला भी सुरक्षा बलों ने बरामद कर लिया।तंगमर्ग पुलिस थाने में इस संबंध में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद विस्फोटकों का स्रोत क्या है, इनका इस्तेमाल कहां किया जाना था और आरोपी के किन आतंकी संगठनों या हैंडलर्स से संपर्क हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article