एजुकेशन

यूपी सहायक अध्यापक के एक पद पर 56 दावेदार, 12,405 पदों के लिए सात लाख से ज्यादा आवेदन

बेसिक शिक्षा विभाग के 12,405 सहायक अध्यापक पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि तक सात लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इस तरह औसतन एक पद के लिए करीब 56 दावेदार मैदान में हैं।

Image

यूपी असिस्टेंट टीचर भर्ती में रिकॉर्ड आवेदन

उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक भर्ती के लिए अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग के 12,405 सहायक अध्यापक पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि तक सात लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इस तरह औसतन एक पद के लिए करीब 56 दावेदार मैदान में हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के संयुक्त सचिव मनोज कुमार सिंह के अनुसार, बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सहायक अध्यापक भर्ती के लिए आवेदन किया है। आयोग अब आवेदन पत्रों की जांच और आगे की परीक्षा प्रक्रिया की तैयारियों में जुटा है।

भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 11 नवंबर थी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवेदन आने से प्रतियोगिता काफी कड़ी होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से भर्ती परीक्षा की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा तीन और चार दिसंबर को आयोजित की जा सकती है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार भर्ती के लिए आवेदन करने वालों की संख्या पिछली भर्तियों की तुलना में काफी अधिक है। वर्ष 2017 में 68,500 शिक्षक भर्ती के लिए 1,25,746 आवेदन आए थे। वहीं, 2018 में 69,000 शिक्षक भर्ती के लिए 4,46,823 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। हालांकि, पिछली बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अलग रही है।

करीब आठ वर्ष बाद बेसिक शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर सहायक अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है। इससे पहले 2018 में बड़े पैमाने पर शिक्षक भर्ती हुई थी। लंबे समय से नई भर्ती का इंतजार कर रहे बीटीसी और डीएलएड के साथ टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती बड़ा अवसर मानी जा रही है।

इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग में परिषदीय विद्यालयों के लिए अन्य शिक्षक पदों पर भी भर्ती प्रक्रियाएं चल रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में शिक्षक भर्ती की तैयारियों में जुटे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा कार्यक्रम और चयन प्रक्रिया पर सभी की नजर रहेगी।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article