देश

NEET-UG के केंद्रवार परिणाम घोषित, कुछ स्थानों पर अच्छे अंक लाने वाले छात्रों की संख्या अधिक; ये संयोग है या कुछ गड़बड़... जानें क्या कहते हैं नीट के नतीजे

NEET-UG Result: NTA ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET-UG) के केंद्रवार और शहरवार परिणाम शनिवार को घोषित कर दिए। यह परीक्षा कथित अनियमितताओं को लेकर जांच के घेरे में है।

Image

नीट-यूजी के परिणाम में कुछ स्थानों पर अच्छे अंक लाने वाले छात्रों की संख्या अधिक

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल
KEY HIGHLIGHTS
  • नीट-यूजी परीक्षा पांच मई को की गई थी आयोजित
  • अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों की अधिक संख्या के बारे में पूछे गए सवालों का अधिकारियों ने नहीं दिया जवाब
  • पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 22 जुलाई को होगी

NEET-UG Result: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET-UG) के केंद्रवार और शहरवार परिणाम शनिवार को घोषित कर दिए। यह परीक्षा कथित अनियमितताओं को लेकर जांच के घेरे में है। नीट परिणाम के आंकड़ों का विश्लेषण करने से यह पता चला कि पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं से कथित रूप से लाभान्वित हुए अभ्यर्थियों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लेकिन कुछ केंद्रों में कई छात्रों ने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया है। एनटीए अधिकारियों ने कुछ केंद्रों पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों की अधिक संख्या के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया।

32 लाख अभ्यार्थी पेपर में हुए थे शामिल

नीट-यूजी परीक्षा पांच मई को 571 शहरों के 4750 केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें 32 लाख अभ्यार्थी शामिल हुए थे। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद इन्हें इस प्रारूप में प्रकाशित किया गया है। उच्चतम न्यायालय पेपर लीक सहित परीक्षा कराने में कथित अनियमितताओं के संबंध में कई याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। नीट यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के लिए जांच के दायरे में आए केंद्रों पर परीक्षा देने वाले अभ्यार्थियों का प्रदर्शन तुलनात्मक रूप से काफी खराब था। इन केंद्रों में झारखंड के हजारीबाग का ओएसिस स्कूल, हरियाणा के झज्जर का हरदयाल पब्लिक स्कूल, गुजरात के गोधरा का जय जलाराम इंटरनेशनल स्कूल शामिल है।

एनटीए द्वारा जारी आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, कुछ केंद्रों में अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या अधिक है। उदाहरण के लिए, गुजरात के राजकोट में स्थित आर.के. विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के एक केंद्र पर 240 से अधिक अभ्यर्थियों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जिनमें से 12 अभ्यर्थियों को 720 में से 700 से अधिक अंक प्राप्त हुए हैं। राजस्थान के सीकर स्थित मंगल चंद डिडवानिया विद्या मंदिर केंद्र में चार छात्रों को 700 से अधिक अंक, 45 छात्रों को 650 से अधिक अंक तथा 115 अभ्यार्थियों को 600 से अधिक अंक प्राप्त हुए हैं। सीकर स्थित एक अन्य केंद्र अरावली पब्लिक स्कूल में 90 अभ्यार्थियों ने नीट-यूजी की परीक्षा में 600 से अधिक अंक प्राप्त किए। सीकर के एक अन्य केंद्र में भी 83 छात्रों ने 600 से अधिक लेकिन 700 से कम अंक प्राप्त किए हैं। सीकर में 27000 से अधिक छात्रों ने नीट-यूजी की परीक्षा दी थी, जिसमें से 4200 से अधिक ने 600 से अधिक अंक प्राप्त किए तथा 2000 से अधिक ने 450 से अधिक अंक हासिल किए।

30204 छात्रों ने 650 और उससे अधिक अंक प्राप्त किए

नीट-यूजी परिणाम के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि कुल मिलाकर, 30204 छात्रों ने 650 और उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जो कि देश भर में 23.22 लाख उम्मीदवारों का 1.3 प्रतिशत है। वहीं, 79500 से अधिक छात्रों ने 600 से अधिक अंक हासिल किए हैं। इन अभ्यर्थियों को शीर्ष 30000 में स्थान मिलेगा और वे सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश ले पाएंगे। इनमें से अकेले सीकर के 2037 छात्र सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश ले पाएंगे।

हरियाणा के रोहतक स्थित मॉडल स्कूल केंद्र के 45 अभ्यर्थियों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि लखनऊ के एसडीएसएन महाविद्यालय केंद्र के 45 से अधिक छात्रों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त किए। इन केंद्रों पर इन छात्रों के अंक 700 से कम थे। हरियाणा के झज्जर में हरदयाल पब्लिक स्कूल केंद्र पर नीट-यूजी की संशोधित परीक्षा देने वाले किसी भी अभ्यार्थी को 682 से अधिक अंक नहीं मिले हैं। यह केंद्र उस समय जांच के घेरे में आ गया था, जब पांच मई को वहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा देने वाले छह उम्मीदवारों को 720 में से 720 अंक मिले थे।

बिहार के पटना में एएन कॉलेज केंद्र पर 29 छात्रों ने 650 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि होली मिशन सेकेंडरी स्कूल में 21 छात्रों ने 650 से अधिक अंक तथा दो छात्रों ने 700 अंक प्राप्त किए। नीट-यूजी की पहली परीक्षा में जिन केंद्रों पर विसंगतियां पाई गई थीं, वहां के अभ्यर्थियों के अंक संशोधित परीक्षा में कम रहे हैं। उदाहरण के लिए, झारखंड के हजारीबाग में ओएसिस स्कूल के प्रधानाचार्य को नीट परीक्षा में कथित अनियमितता के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। इस केंद्र पर 701 उम्मीदवारों में से केवल पांच (0.71 प्रतिशत) ही शीर्ष एक प्रतिशत में पहुंच पाए, जो कि पूरे हजारीबाग के लिए 0.66 प्रतिशत सफलता दर के समान है।

पेपर लीक मामले में अगली सुनवाई 22 जुलाई को होगी

उच्चतम न्यायालय ने अपने आदेश में कहा था कि अभ्यर्थियों की पहचान उजागर नहीं करते हुए परिणाम घोषित किए जाएं। न्यायालय कहा था कि वह यह पता लगाना चाहता है कि कथित विवादित केंद्रों पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को अन्य स्थानों पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की तुलना में अधिक अंक तो नहीं मिले हैं। इस मामले में अगली सुनवाई 22 जुलाई को होगी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

'सिस्टम से भरोसा टूट चुका है, बच्चों की मांगें माने बिना नहीं निकलेगा समाधान'; पीएम मोदी के ऐलान पर बोलीं प्रियंका

'सिस्टम से भरोसा टूट चुका है, बच्चों की मांगें माने बिना नहीं निकलेगा समाधान'; पीएम मोदी के ऐलान पर बोलीं प्रियंका

संसद में आज भी गतिरोध, हंगामे के बाद संसद की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष

संसद में आज भी गतिरोध, हंगामे के बाद संसद की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ी CJP, पीएम मोदी के फास्ट-ट्रैक कोर्ट के ऐलान को नकारते हुए कहा- 'प्रधान को इस्तीफा देना होगा'

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ी CJP, पीएम मोदी के फास्ट-ट्रैक कोर्ट के ऐलान को नकारते हुए कहा- 'प्रधान को इस्तीफा देना होगा'

'शिक्षा व्यवस्था को आपने बर्बाद होने दिया', पेपर लीक पर PM मोदी के ऐलान के बाद राहुल गांधी का हमला; दोहराईं छात्रों की तीन मांगें

'शिक्षा व्यवस्था को आपने बर्बाद होने दिया', पेपर लीक पर PM मोदी के ऐलान के बाद राहुल गांधी का हमला; दोहराईं छात्रों की तीन मांगें

छात्र आंदोलन के बीच PM मोदी का आया संदेश, 'पेपर लीक पर बनेगा फास्ट ट्रैक कोर्ट, युवाओं का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता'

छात्र आंदोलन के बीच PM मोदी का आया संदेश, 'पेपर लीक पर बनेगा फास्ट ट्रैक कोर्ट, युवाओं का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता'