महाराष्ट्र के नागपुर में सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। यहां आठ ज्वेलर्स को डाक के जरिए धमकी भरे पत्र भेजे गए हैं। इन लेटर्स में कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल करते हुए हर कारोबारी से 10-10 लाख रुपये की मांग की गई है। साथ ही कहा गया है कि रकम नहीं देने पर जान से मार दिया जाएगा।
टाइगर श्रॉफ पर हमले का हवाला देकर डराने की कोशिश
धमकी भरे पत्रों में कारोबारियों को डराने के लिए अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले का भी जिक्र किया गया है। पत्र भेजने वालों ने कथित तौर पर चेतावनी दी है कि रकम नहीं चुकाने पर व्यापारियों को भी इसी तरह निशाना बनाया जा सकता है।
रंगदारी की रकम देने के लिए सभी कारोबारियों को एक जैसी समयसीमा नहीं दी गई है। कुछ ज्वेलर्स को तीन दिन के भीतर पैसे देने को कहा गया है, जबकि कुछ को पांच दिन की मोहलत दी गई है।
दुकान के बाहर 'जय श्री राम' लिखने का निर्देश
इन पत्रों में रंगदारी वसूलने के लिए एक खास तरीका भी बताया गया है। कारोबारियों से कहा गया है कि अगर वे पैसे देने के लिए तैयार हैं, तो अपनी दुकान के बाहर 'जय श्री राम' लिख दें। इसके बाद पत्र भेजने वाले खुद उनसे संपर्क करेंगे।
मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर तक पहुंचा मामला
इस तरह के संदेशों से कारोबारियों में भय का माहौल पैदा होने की आशंका है। इस घटना की जानकारी ऑल इंडिया ज्वेलरी एसोसिएशन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दी है। इसके अलावा, नागपुर पुलिस कमिश्नर के पास भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
ऑल इंडिया ज्वेलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश रोकड़े के मुताबिक,पुलिस ने व्यापारियों से घबराने के बजाय सतर्क रहने को कहा है। मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।फिलहाल पुलिस की जांच का इंतजार है। जांच के दौरान धमकी भरे पत्र भेजने वालों की पहचान करने और रंगदारी मांगने के पीछे की सच्चाई सामने लाने पर जोर रहेगा।
