मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत गुजरात के वडोदरा में बुलेट ट्रेन स्टेशन तेजी से आकार ले रहा है। यह स्टेशन मौजूदा भारतीय रेलवे के वडोदरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के ऊपर बनाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बुलेट ट्रेन (Bullet Train) और सामान्य रेल सेवाओं के बीच सीधे और आसान इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। स्टेशन का स्थान शहर के बस अड्डे और पश्चिम रेलवे स्टेशन के नजदीक होने से मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
निर्माण कार्य में तेजी
निर्माण कार्य में अब तक कॉनकोर्स, ट्रैक और प्लेटफॉर्म स्तर पर स्लैब कास्टिंग पूरी हो चुकी है। फिलहाल स्टेशन की संरचना के लिए स्टील स्ट्रक्चर लगाने का काम तेजी से चल रहा है। परियोजना के अगले चरणों में स्टेशन की आंतरिक और बाहरी संरचना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
स्टेशन का डिजाइन
स्टेशन का डिजाइन वडोदरा की पहचान माने जाने वाले बरगद (वट) के पेड़ से प्रेरित है। भवन को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि यात्री क्षेत्रों में प्राकृतिक रोशनी और खुलेपन का एहसास बना रहे। स्टेशन में प्रतीक्षालय, बेबी केयर रूम, शौचालय, रिटेल आउटलेट समेत यात्रियों की सुविधा से जुड़ी कई व्यवस्थाएं होंगी। इसके अलावा कार, बस और ऑटो के लिए अलग-अलग पार्किंग और पिक-अप/ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र भी विकसित किए जा रहे हैं।
वडोदरा स्टेशन का निर्माण मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की प्रमुख कड़ियों में से एक है। स्टेशन के तैयार होने के बाद यात्रियों को बुलेट ट्रेन और भारतीय रेलवे के बीच निर्बाध आवाजाही की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा अधिक तेज, सुविधाजनक और एकीकृत होगी।
भारत की पहली बुलेट परियोजना
बुलेट ट्रेन परियोजना भारत और जापान के सहयोग से बन रही देश की पहली हाई-स्पीड रेल सेवा है, जो मुंबई से अहमदाबाद के बीच लगभग 508 किलोमीटर की दूरी 320 किमी/घंटा की गति से मात्र 2 घंटे में तय करेगी। शिंकानसेन तकनीक और समुद्र के नीचे की सुरंग जैसी विशेषताओं से लैस यह कॉरिडोर भारत के परिवहन और अर्थव्यवस्था में एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।
