राधा अष्टमी के अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता के बागबाजार स्थित श्री गौड़ीय मठ में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भक्ति गीत भी गाए और धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
सीएम सुवेंदु ने गाया भक्ति संगीत
मुख्यमंत्री ने मिशन के संतों और पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की तथा श्रीचैतन्य महाप्रभु संग्रहालय का दौरा किया। इस दौरान गौड़ीय मठ के आचार्य एवं अध्यक्ष भक्ति सुंदर संन्यासी महाराज भी मौजूद रहे। इस दौरान वह भक्ति में लीन नजर आए और उन्होंने भक्ति संगीत भी गाए। राधा अष्टमी के मौके पर मठ में श्रद्धालुओं की भी मौजूदगी रही।
बता दें कि राधा अष्टमी हिंदू धर्म में महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय राधा रानी के जन्मोत्सव के रूप में पूजा-अर्चना की जाती है। देश के अलग-अलग हिस्सों में इस अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इस स्थान का लंबा और ऐतिहासिक महत्व है। उन्होंने कहा कि यह जगह सरस्वती गोस्वामी प्रभु महाराज के सपने को दर्शाती है।
सीएम ने बताया गौड़ीय मठ की महत्ता
सीएम सुवेंदु ने कहा, “यहां कौन नहीं आया है? नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मदन मोहन मालवीय, शंकर दयाल शर्मा, प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां आ चुके हैं। बस मेरी बारी बाकी थी। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं यहां आया हूं।” उन्होंने आगे कहा कि यह एक हेरिटेज साइट है और इसे ‘ग्रेड-I’ का दर्जा प्राप्त है।
