बीजेपी शासित मध्य प्रदेश के धार जिला में कांग्रेस के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री उमंग सिंघार पर एक महिला को मानसिक तौर पर प्रताड़ित कर रेप करने का आरोप लगा है। सोमवार (21 नवंबर, 2022) को अफसरों ने इस मामले में समाचार एजेंसी एएनआई को बताया- महिला ने दावा किया है कि 48 बरस के उमंग की पत्नी है। उसका आरोप है कि सिंघार ने पूर्व शादी करने की बात कह कर उसके साथ बार-बार बलात्कार किया।
एफआईआर के मुताबिक, महिला ने जब कांग्रेस विधायक से कहा कि वह उनके खिलाफ शिकायत दे देगी, तब उन्होंने भोपाल में इसी साल 16 अप्रैल को उससे शादी रचा ली थी। विवाह के बाद सिंघार का बर्ताव बदल गया और वह उसके साथ मारपीट करने लगे। वह इसके साथ ही उसे दिमागी तौर पर परेशान भी करते थे।
शिकायत में यह भी बताया गया कि ब्याह के दो महीने बाद सिंघार उसे गालियां देने लगे, रेप कर उस पर हमला करते। उन्होंने उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर महिला को ब्लैकमेल भी किया। अप्राकृतिक तौर पर शारीरिक संबंध भी बनाए।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने रविवार (20 नवंबर, 2022) को विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। धार के एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने इस बारे में बताया कि सिंघार पर आईपीसी की धारा 498-ए, 377, 376 (2), 323, 294 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
