Delhi Fire Incident: दिल्ली के शाहदरा स्थित विवके विहार में रविवार को चार मंजिला इमारत में आग लगने से एक बच्चे समेत दो परिवारों के कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया और घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की।
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ''दिल्ली के शाहदरा जिले में आग की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना है।''
मुआवजे का ऐलान
पीएम मोदी ने पीड़त परिवारों की आर्थिक सहायता के लिए मुआवजे का ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
इलाके में मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, यह आग विवेक विहार फेज-1 के एक बहुमंजिला मकान में लगी थी। फायर कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना तड़के 3:48 बजे मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बिल्डिंग के दूसरे, तीसरे और चौथे फ्लोर पर आग लगी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल की करीब 12 गाड़ियां मौके पर लगाई गईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे, जबकि कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे।
कैसे लगी आग?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी को बताया कि एसी में एक ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट की वजह से आगे लगी। हालांकि, आग लगने के कारणों की अब तक कोई पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं।
