शहर

Delhi News: पोती का बर्थडे मनाने बाहर गया था परिवार, चोरों ने 45 मिनट में खाली कर दिया घर, लाखों की ज्वेलरी और कैश साफ

Delhi News: दक्षिण दिल्ली के संगम विहार स्थित सैनिक बाजार इलाके में रविवार रात चोरों ने एक घर पर धावा बोलकर लाखों के सोने-चांदी के गहने और कैश साफ कर दिया। परिवार पोती का जन्मदिन मनाने बाहर गया था। पुलिस और FSL जांच में जुटी हैं।

Image

दिल्ली के संगम विहार की घटना

Photo : ANI

Delhi News: राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले के संगम विहार इलाके में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने रविवार रात एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और कैश पार कर दिए। यह सनसनीखेज वारदात सैनिक बाजार इलाके में उस समय हुई, जब पूरा परिवार पोती का जन्मदिन मनाने बाहर गया हुआ था। घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट्स और अन्य डिजिटल सबूत जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

जश्न मनाता रहा परिवार, पीछे से हो गई वारदात

पीड़िता मोमीना ने घटना के भयावह घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सुबह उनके पति काम पर निकल गए थे। बाद में परिवार के अन्य सदस्य उनकी पोती का जन्मदिन मनाने के लिए सुंदर नर्सरी चले गए। सुंदर नर्सरी के बाद पूरा परिवार डिनर के लिए लाजपत नगर पहुंचा। वहां से लौटते वक्त बेटी की जिद पर पूरा परिवार केक काटने के लिए हौज खास चला गया। पीड़िता के मुताबिक उनका बड़ा बेटा फरदीन घर पर ही था, लेकिन वह भी किसी काम से थोड़ी देर के लिए बाहर चला गया। जब मोमीना ने अपने पति को कॉल किया तो उन्होंने बताया कि वह 30 से 45 मिनट में घर पहुंच रहे हैं। इसी महज 45 मिनट की छोटी सी विंडो के दौरान चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला।

"सब कुछ टूटा हुआ था, बहू-बेटियों के सारे गहने गायब"

पीड़िता जब रास्ते में (सैनी फार्म के पास) थीं, तभी उनके पति ने फोन कर पूछा कि क्या घर का ऊपरी या दूसरा गेट खुला छोड़ा गया था? मोमीना ने कहा कि बेटा फरदीन घर पर था, तो उसने ताला जरूर लगाया होगा। इसके बाद पति ने घर का दर्दनाक मंजर बयां किया कि "घर के शीशे टूटे हुए थे, ऊपर का मुख्य गेट टूटा था और ड्रेसिंग एरिया समेत सभी अलमारियों के ताले टूटे पड़े थे। बहू की सोने की चेन, कंगन, चूड़ियां, कैश और बेटियों की पूरी ज्वेलरी गायब थी। चोरों ने कुछ भी नहीं छोड़ा।"

FSL टीम और पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि चोरों के आने-जाने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या किसी करीबी या मुखबिर को परिवार के बाहर जाने की सटीक जानकारी थी। पीड़िता का कहना है कि वे किसी पर सीधा शक नहीं जता सकतीं, यह पुलिस का काम है और उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!