Massive Ukrainian Drone Attack: रूसी संसदीय चुनाव के आखिरी दिन मॉस्को पर अब तक का सबसे बड़ा हमले करने के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की और ट्रंप के बीच न्यूयॉर्क में अहम मुलाकात होगी। मुलाकात का समय इसलिए अमह है कि क्योंकि यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे भीषण हमला किया है। यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध के बीच यूक्रेनी सेना ने रूस की राजधानी मॉस्को और उसके आसपास के इलाकों को निशाना बनाते हुए अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला (ड्रोन अटैक) किया। अधिकारियों के मुताबिक, यूक्रेन ने रात भर में 1,000 से अधिक ड्रोन दागे, जिनमें से सैकड़ों ड्रोन का रुख सीधे राजधानी मॉस्को की ओर था। यह हमला ऐसे समय पर हुआ जब रूस में 3 दिवसीय संसदीय चुनावों (ड्युमा चुनाव) का अंतिम दिन था।
जेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रंप की होगी मुलाकात
इन हमलों के बीच आज न्यूयॉर्क में जेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रंप के मुलाकात होने जा रही है। इसे लेकर जेलेंस्की ने एक्स पर लिखा- मैंने अभी राष्ट्रपति ट्रंप (@POTUS) से बात की। यह एक महत्वपूर्ण बातचीत थी, और हमने कई मुद्दों पर चर्चा की। हम न्यूयॉर्क में मिलने के लिए सहमत हुए, और यह बैठक कई महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है। कूटनीतिक प्रगति हो रही है। मैंने स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर की कीव यात्रा के लिए राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया। हमने प्रमुख विवरणों पर विस्तार से चर्चा की, और उन्होंने यूक्रेन की स्थिति को प्रत्यक्ष रूप से देखा। शांति का मार्ग हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। तनाव कम करने के उपायों और मूलभूत सुरक्षा मुद्दों - ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और मानव जीवन की रक्षा - के समाधान के लिए विचार-विमर्श चल रहा है। हम अमेरिकी टीम के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और गंभीर कदम उठाने के लिए तैयार हैं।
मॉस्को रिफाइनरी क्षतिग्रस्त
हमले के कारण मॉस्को की सबसे बड़ी 'मास्को ऑयल रिफाइनरी' (गाजप्रॉमनेफ्ट रिफाइनरी) में आग लग गई और काफी नुकसान पहुंचा है। यह रिफाइनरी राजधानी की 40% ईंधन आपूर्ति पूरी करती है। इसके अलावा एक 21-मंजिला आवासीय इमारत भी हमले से प्रभावित हुई। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर अंद्रेई वोरोब्योव के अनुसार, इस हमले में कम से कम 2 लोगों (74 वर्षीय वृद्ध और 44 वर्षीय महिला) की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
450 ड्रोन मॉस्को के करीब ढेर
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने इस हमले को राजधानी पर अब तक का सबसे बड़ा और अभूतपूर्व हमला बताया। उन्होंने दावा किया कि रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने मॉस्को की ओर बढ़ रहे 450 से अधिक ड्रोनों को मार गिराया और चुनाव को बाधित करने की यूक्रेनी साजिश को नाकाम कर दिया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने पूरे देश में, क्रीमिया प्रायद्वीप और काला सागर के ऊपर कुल 1,100 से अधिक यूक्रेनी ड्रोनों को हवा में ही नष्ट कर दिया।
वलोडिमिर जेलेंस्की का बयान
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया (X) पर हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि इस अभियान में यूक्रेन में ही निर्मित स्वदेशी ड्रोनों और मिसाइलों (जैसे 'फ्लेमिंगो' और 'पेलीकन') का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने लिखा- हमारी लंबी दूरी की कार्रवाई ने मॉस्को क्षेत्र में बड़ा असर डाला है। रूस के प्रमुख तेल उद्योग और रसद ठिकानों को निशाना बनाया गया। यह अरबों डॉलर का वह ढांचा है जो रूस की युद्ध मशीन को फंड करता है। मॉस्को को यह बर्बर युद्ध रोककर शांति का रास्ता चुनना चाहिए।
हमले का राजनीतिक और सामरिक समय
यह हमला रूस में युद्ध शुरू होने के बाद हो रहे पहले संसदीय चुनावों के आखिरी दिन हुआ। यूक्रेन लगातार रूस के तेल और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बना रहा है ताकि रूस के युद्ध कोष पर आर्थिक दबाव बनाया जा सके। अग्रिम मोर्चे पर जमीनी लड़ाई धीमी पड़ने के बाद अब दोनों देश एक-दूसरे के दूरदराज इलाकों में लंबे समय तक चलने वाले हवाई और ड्रोन हमलों से निशाना साध रहे हैं।
