Syria Explosion: सीरिया में स्थित अलेप्पो के पास एक सैन्य ठिकाने पर बने हथियारों के गोदाम में भीषण विस्फोट होने की खबर सामने आई है। सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी SANA के मुताबिक, इन धमाकों में कम से कम चार लोग घायल होने की सूचना हैं, जिसके बाद अधिकारियों ने आम जनता को घटनास्थल से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।
धमाके की वजह अज्ञात
सरकारी समाचार एजेंसी SANA के अनुसार, यह धमाका सोमवार तड़के अलेप्पो शहर के दक्षिण में स्थित अल-ईस (Al-Eis) शहर के पास सीरियाई सैन्य ठिकाने पर हुआ। हालांकि, अभी तक धमाके के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शुरुआती धमाके के बाद वहां लगातार कई और विस्फोटों की श्रृंखला देखने को मिली है। इन धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां घटनास्थल की ओर रवाना की गईं।
सरकारी समाचार एजेंसी SANA के अनुसार, अलेप्पो में सिविल डिफेंस ऑपरेशन के प्रमुख फैसल मोहम्मद अली ने बताया कि लगातार हो रहे धमाकों के चलते राहत और बचाव टीमों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। बचाव टीमों ने घटनास्थल से चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों की चेतावनी
अलेप्पो के गवर्नर अज्जम अल-गरीब (Azzam al-Gharib) ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे फिलहाल अपने घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने बताया कि अस्पतालों, एंबुलेंस और आपातकालीन टीमों को पूरी तरह से अलर्ट पर रखा गया है।
घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्ते बंद
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलेप्पो की आंतरिक सुरक्षा कमान ने घटनास्थल की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया है। वहीं, अलेप्पो के हमदानीया इलाके के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उन्होंने एक बहुत बड़ा धमाका सुना और छत पर जाने पर दूर तक ऊंची लपटें नजर आ रही थीं। फिलहाल अधिकारियों द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
