देश

कांग्रेस नेता को गाली देते हुए कैमरे में कैद हुए पूर्व सीएम, पकड़ाते ही मांग ली माफी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 24, 2022, 08:30 PM IST

जनता दल सेकुलर के नेता और कर्नाटक के पूर्व सीएम कुमारस्वामी के गाली वाले वीडियो पर अभी तक कांग्रेस नेता की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उन्होंने जिस कांग्रेस नेता को गाली दी है, वो उन्हीं के कार्यकाल के समय विधानसभा अध्यक्ष थे। कुमारस्वामी के गाली देने को लेकर कांग्रेस उनकी आलोचना कर रही है।

Image

एचडी कुमारस्वामी ने दी कांग्रेस नेता को गाली

Photo : Twitter

कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी कैमरे पर गाली देते हुए कैद हो गए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रमेश कुमार पर भड़कते हुए अपशब्द कह दिया। हालांकि जैसे ही कुमारस्वामी का अहसास हुआ कि उन्होंने गाली दे दी और वो भी कैमरे पर रिकॉर्ड हो गया तो झटपट माफी मांग ली।

उन्होंने कहा कि उनका कांग्रेस नेता को चोट पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्हें अपनी गलती का अहसास है, इसलिए वो माफी मांगते हैं। हालांंकि उनके इस वीडियो को लेकर कांग्रेस भड़की दिख रही है और उनपर हमले भी बोल चुकी है।

कांग्रेस के कर्नाटक विंग द्वारा ट्विटर पर शेयर किए गए एक वीडियो में, कुमारस्वामी को श्रीनिवासपुर विधानसभा क्षेत्र में एक कार में सवार होते हुए देखा जा सकता है, यहां से रमेश कुमार विधायक हैं। गाड़ी में बैठते हुए अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता से बात करते हुए, कुमारस्वामी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के लिए अपशब्द का प्रयोग करते हैं।

कर्नाटक कांग्रेस ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- "नफरत के आधार पर राजनीति नहीं करनी चाहिए, हम जिन शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, वो हमारे व्यवहार, व्यक्तित्व का आईना होता है।" कर्नाटक कांग्रेस ने कुमारस्वामी को टैग करते हुए कहा- "आपके शब्दों का इस्तेमाल... आपकी महिमा नहीं करेगा और न ही यह राजनीति की गरिमा को बचाएगा। बुजुर्गों ने दिखाया है कि राजनीति परस्पर सम्मान के साथ की जा सकती है।"

इसके बाद जैसे ही कुमारस्वामी को अपनी गलती का अहसास हुआ, उन्होंने माफी मांग ली। कुमारस्वामी ने तुरंत जवाब दिया और कहा- "पूर्व अध्यक्ष रमेश कुमार के लिए मैंने जो शब्द इस्तेमाल किया है, उससे मुझे भी दुख पहुंचा है। उस शब्द का इस्तेमाल गलत है और न ही यह मेरा व्यक्तित्व है। मुझे खेद है अगर इस शब्द ने रमेश कुमार या अन्य को चोट पहुंचाई है।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article