देश

झारखंड राज्यसभा चुनाव: वोटिंग जारी, दूसरी सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा-NDA समर्थित नाथवानी के बीच टक्कर

भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने दावा किया कि राजग विधायक एकजुट हैं। उन्होंने कहा, 'विपक्षी खेमे के कई विधायक अपनी अंतरात्मा की आवाज के आधार पर और व्यापक राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए मतदान करेंगे।' कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि ’इंडिया’ गठबंधन के सभी 56 विधायक एकजुट हैं।

Image

राज्यसभा चुनाव 2026-फाइल फोटो

Rajya Sabha Chunav 2026 : झारखंड में राज्यसभा की दो सीट के लिए बृहस्पतिवार को वोटिंग जारी है। चुनाव नतीजे शाम पांच बजे के करीब आएंगे। झारखंड में दूसरी सीट पर पेच फंसा हुआ है। झारखंड से राज्यसभा चुनाव में तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिल अलायंस’ (इंडिया) की तरफ से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बैद्यनाथ राम और कांग्रेस ने प्रणव झा को टिकट दिया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी भी दौड़ में शामिल हैं। इस सीट के लिए क्रॉस वोटिंग हो सकती है।

'गठबंधन के सभी 56 विधायक एकजुट'

भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने दावा किया कि राजग विधायक एकजुट हैं। उन्होंने कहा, 'विपक्षी खेमे के कई विधायक अपनी अंतरात्मा की आवाज के आधार पर और व्यापक राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए मतदान करेंगे।' कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि ’इंडिया’ गठबंधन के सभी 56 विधायक एकजुट हैं और राज्यसभा की दोनों सीट पर गठबंधन के उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे दूसरी ओर, भाजपा ने 'एक्स’ पर राजग के 24 विधायकों की तस्वीर साझा की, जिसमें वे जीत का निशान बनाते हुए नजर आ रहे हैं। पार्टी ने लिखा, 'राजग तैयार है, कांग्रेस किनारे हो जाएगी।'

दूसरी सीट पर फंसा है पेच

झामुमो के पास एक सीट पर जीत पक्की करने के लिए पर्याप्त संख्या बल है, वहीं दूसरी सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार और भाजपा समर्थित प्रत्याशी के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। नथवानी ने रांची के एक होटल में राजग नेताओं से मुलाकात की। बाद में उन्होंने कहा, 'मैंने सभी विधायकों और पार्टियों से समर्थन मांगा है।' उधर, कांग्रेस विधायकों ने एक दूसरे होटल में बैठक की, जहां उन्हें मतदान की प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। राज्य सरकार में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, 'यहां आखिरी तैयारियां की जा रही हैं। शाम को ’इंडिया’ गठबंधन के सभी विधायक मुख्यमंत्री आवास पर अंतिम रणनीति पर चर्चा के लिए मिलेंगे।'

भाकपा माले लिबरेशन) के नेताओं ने कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की

मंत्री ने दोनों सीट पर ’इंडिया’ उम्मीदवारों की जीत का भरोसा जताया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी-लेनिनवादी लिबरेशन (भाकपा माले लिबरेशन) के नेताओं ने भी होटल में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की। भाकपा (माले) लिबरेशन के विधायक अरूप चटर्जी ने कहा, "मैं यहां शिष्टाचार भेंट के लिए आया था। हमारे सभी विधायक एकजुट हैं और हम दोनों सीटें जीतेंगे।" बाद में शाम को ’इंडिया’ गठबंधन के विधायकों ने मुख्यमंत्री आवास पर बैठक की और चुनाव में जीत का भरोसा जताया।

उम्मीदवार को कम से कम 28 वोट हासिल करने होंगे

राज्य के संसदीय कार्य मंत्री और राधाकृष्ण किशोर ने पत्रकारों से कहा, "झामुमो ने एहतियात के तौर पर 30 वोट सुरक्षित रखे हैं, जबकि उसे केवल दो वोटों की आवश्यकता है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों के पास 26 वोट हैं। झामुमो के अतिरिक्त दो वोट कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में गिने जाएंगे।" उन्होंने कहा, "इसलिए किसी तरह का कोई भ्रम नहीं है। ’इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार दोनों सीटों पर जीत हासिल करेंगे।" झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए उम्मीदवार को कम से कम 28 ’पहली वरीयता’ वाले वोट हासिल करने होंगे।

भाजपा नीत राजग के 24 विधायक

राज्य विधानसभा में भाजपा नीत राजग के 24 विधायक हैं, जबकि ’इंडिया’ गठबंधन के कुल सदस्यों की संख्या 56 है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक है। झारखंड में राज्यसभा की एक सीट झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हो गई थी। दूसरी सीट पर चुनाव भाजपा नेता दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने के मद्देनजर कराया जा रहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article