आज की ताजा खबर, 3 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: अमेरिका ने होर्मुज में ईरान के स्थानों पर हमले किए...जम्मू कश्मीर में आया भूकंप, BJP-ABVP देश में रैलियां निकालेंगे
आज की ताजा खबर लाइव, 3 नवंबर 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [अमेरिका ईरान हमला], [जम्मू कश्मीर भूकंप], [ BJP-ABVP रैली] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) मंगलवार को कई राज्यों में ’लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत रैलियां, जनसभाएं और विरोध मार्च आयोजित करेंगे जिसके तहत विपक्ष को निशाना बनाया जाएगा। इसके अलावा, गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार दो आरोपियों को मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी गोलीबारी में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, गंभीर चक्रवाती तूफान ’मुरासु’ ने मंगलवार तड़के आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में भारी तबाही मचाई जहां हजारों पेड़ उखड़ गए, बिजली के सैकड़ों खंभे और मछुआरों की नौकाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। पढ़ें- अन्य खबरें
आज की ताजा खबर, 3 नवंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: अमेरिका ने होर्मुज में ईरान के स्थानों पर हमले किए...जम्मू कश्मीर में आया भूकंप, BJP-ABVP देश में रैलियां निकालेंगे
विपक्ष के खिलाफ भाजपा और एबीवीपी देशभर में रैलियां व मार्च आयोजित करेंगे
भाजपा का आरोप है कि विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर लखनऊ स्थित लोक भवन में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अपराह्न एक बजकर 30 मिनट पर लोक भवन से परिवर्तन चौक तक मार्च आयोजित किया जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा नेता जे.पी. नड्डा बरेली में पार्टी की रैली में शामिल होंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में भी एक रैली आयोजित की जाएगी।
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी पश्चिम बंगाल के अपने दौरे के तहत कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगी।
भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रांची में ’लोकतंत्र बचाओ’ विरोध मार्च आयोजित करेगी। यह मार्च बापू वाटिका से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक पर समाप्त होगा।
यह अभियान ऐसे समय में आयोजित किए जा रहे हैं जब कथित चुनावी अनियमितताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज को लेकर भाजपा तथा विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक टकराव जारी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भविष्य में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाया जाएगा और ’देशद्रोह’ के लिए जेल भेजा जाएगा। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने अपनी ताकत दिखाने के लिए रामलीला मैदान में रैली की थी जिसमें उन्होंने कथित चुनावी अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने दावा किया था कि भाजपा ने केंद्र और राज्यों में ’चुराए हुए जनादेश’ के जरिए सरकारें बनाई हैं।
हत्या के मामले में फरार दो बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
अधिकारी के अनुसार मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी गोलीबारी में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस प्रवक्ता सुबोध कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह जेवर थाने की पुलिस झाझर रोड स्थित बिजलीघर के पास अवरोधक लगाकर वाहनों और राहगीरों की जांच कर रही थी तभी सामने से दो संदिग्ध व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीछा कर दोनों को घेर लिया। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर गोली चला दी जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। पुलिस की कार्रवाई में दोनों पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
कुमार ने बताया कि घायल आरोपियों की पहचान जहांगीरपुर कस्बा निवासी शेर मोहम्मद और बुलंदशहर जिले के पहासू कस्बा निवासी मौसीम के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ’’पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों आरोपियों ने सात अक्टूबर की रात जहांगीरपुर कस्बे के बाजार में इमरान (36) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना का एक वीडियो सामाजिक माध्यमों पर काफी प्रसारित हुआ था।’’
उन्होंने बताया कि इमरान 2021 में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में जेल गया था और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
कुमार ने कहा कि इमरान की हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई थी। इस मामले में पुलिस अब तक नौ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
चक्रवाती तूफान ‘मुरासु' ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मचाई तबाही; हजारों पेड़ उखड़े
बापटला और प्रकाशम सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई इलाके पानी में डूब गए हैं।
प्रकाशम जिले के कोठापतनम के एक मछुआरे कृष्णम्मा ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा, ’’पिछले 14 वर्षों में हमने इतना खतरनाक चक्रवात नहीं देखा। सरकार ने हमारी काफी मदद की और गांव के करीब 400 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने भी हमें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की।’’
उन्होंने कहा कि अब उन्हें जाकर देखना होगा कि उनकी नावों की क्या स्थिति है।
एक अन्य स्थानीय निवासी मंगम्मा ने बताया कि पिछले चक्रवात के दौरान उनका घर तबाह हो गया था, लेकिन इस बार सरकार ने चक्रवात के तट से टकराने से पहले ही उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
उन्होंने कहा, ’’पिछले चक्रवात में मैंने अपना घर खो दिया था और मेरा परिवार सड़क पर आ गया था। इस बार सरकार ने चक्रवात के तट से टकराने से पहले ही हमें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। हालांकि, मेरी तीन नौकाओं में से एक पूरी तरह नष्ट हो गई है। मछली पकड़ना ही हमारी आजीविका का साधन है।’’
चक्रवात के प्रभाव से हजारों पेड़ उखड़ गए और बिजली के सैकड़ों खंभे टूट गए। इसके अलावा कई इलाके जलमग्न हो गए हैं।
भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण सड़कों पर दूर तक देख पाना मुश्किल हो गया जिससे राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन फंस गए और चालकों को काफी परेशानी हुई। खराब मौसम के कारण यातायात बाधित हुआ और कई स्थानों पर यात्री फंसे रहे।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे अमित शाह
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुसार, राज्य के दौरे के दौरान वह रायपुर में ’आर्टेमिस शांति अस्पताल’ का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद वह नवा रायपुर अटल नगर में विकसित भारत संकल्प पार्क का उद्घाटन करेंगे।
छत्तीसगढ़ एक नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर नया राज्य बना था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक नवंबर को कहा था कि राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर इस साल आयोजित राजोत्सव ऐतिहासिक और विशेष है क्योंकि माओवाद के खतरे से मुक्त होने के बाद राज्य का यह पहला स्थापना दिवस है।
राज्य को 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद से मुक्त घोषित किया गया था। इसके साथ ही क्षेत्र में चार दशक से जारी माओवादी विद्रोह का अंत हो गया।
साय ने शनिवार देर रात जारी एक वीडियो संदेश में राज्य के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एक नवंबर 2000 को राज्य के गठन के 26 साल पूरे होना सभी के लिए गर्व का क्षण है।
उन्होंने कहा, ’’इस साल का राजोत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक और विशेष है। यह पहला स्थापना दिवस है जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर बढ़ रहा है।’’
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के कारण ही छत्तीसगढ़ का गठन संभव हो पाया था।
जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में 3.1 तीव्रता का भूकंप आया
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार भूकंप सोमवार रात 11 बजकर 56 मिनट पर आया और इसका केंद्र जमीन में पांच किलोमीटर की गहराई में था।
संस्थान ने बताया कि भूकंप का केंद्र किश्तवाड़ जिले में 33.292 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.892 डिग्री पूर्वी देशांतर में था।
खबर लिखे जाने तक केंद्र शासित प्रदेश में कहीं से भी जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान शुरू
अधिकारियों के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
इस चरण में करीब 1.07 करोड़ मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव करने के लिए पात्र हैं। इसके लिए 116 पंचायत समितियों में 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
राज्य में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 22 अक्टूबर को 104 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 293 और पंचायत समिति के 1,788 वार्डों के लिए मतदान हुआ।
दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को 124 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 352 और पंचायत समिति के 2,197 वार्डों के लिए मतदान कराया गया।
तीसरे चरण के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पंच और सरपंच पदों के लिए पांच नवंबर को मतदान होगा, जबकि उपसरपंचों का चुनाव छह नवंबर को कराया जाएगा।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।
मतगणना 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव क्रमशः 25 और 26 नवंबर को कराए जाएंगे। वहीं, पंचायत समिति प्रधान और उप प्रधान के चुनाव 27 और 28 नवंबर को होंगे।
चक्रवात ‘मुरासु' ओंगोल के पास तट से टकराया; भारी बारिश के बीच 120 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवा
आईएमडी की आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ’’चक्रवात सोमवार देर रात करीब एक बजे तट से टकराया।’’
चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हुई।
सोमवार देर रात डेढ़ बजे तक चक्रवात पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट के पास केंद्रित था। यह ओंगोल से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, कावली से 60 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और बापटला से 70 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था।
आईएमडी ने बताया कि चक्रवात के ओंगोल के पास नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट से टकराने के आसार हैं। मंगलवार सुबह तक तटीय क्षेत्रों और उनके आसपास 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा इसकी गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों के दौरान दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका जताई।
आईएमडी ने चेतावनी दी कि मंगलवार सुबह तक समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों के कारण दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के निचले इलाकों में पानी भर सकता है। समुद्र में उठने वाली ये लहरें सामान्य से 1 से 1.5 मीटर तक ऊंची हो सकती हैं। बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों के निचले इलाकों में इसका असर सबसे अधिक पड़ने की आशंका है।
अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के कुछ स्थानों पर रक्षात्मक हमले किए: अमेरिकी अधिकारी
ईरान के सरकारी टेलीविजन ने अपनी खबर में बताया कि केश्म द्वीप पर विस्फोट की आवाजें सुनी गईं। एक अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर सोमवार को बताया, ’’ईरानी अमेरिकी संपत्ति के खिलाफ सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल कर रहे थे जिन्हें निशाना बनाया गया है।’’
ये हमले अमेरिका में महत्वपूर्ण मध्यावधि चुनावों से ठीक पहले हुए हैं, जो काफी सीमित लग रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनालड ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि अमेरिका मध्यावधि चुनावों से पहले ईरान पर हमले नहीं करेगा।
ईरान के खिलाफ युद्ध और इसके कारण अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों तथा अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों पर पड़े असर को रिपब्लिकन पार्टी की कमजोरी के रूप में देखा जा रहा है। रिपब्लिकन पार्टी अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में अपना नियंत्रण बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।
उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि उन्होंने ईरान के साथ बातचीत के संबंध में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की है। उन्होंने कहा, ’’राष्ट्रपति और मुझे दोनों को लगता है कि बातचीत के जरिए किसी समझौते तक पहुंचने की अच्छी संभावना है।’’
वेंस ने पिछले हफ्ते ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई को एक पत्र भेजा था, लेकिन ’व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) ने इस पत्र की सामग्री के बारे में बहुत कम जानकारी दी है।
ट्रंप ने पत्रकारों को बताया कि यह पत्र ईरान को ’’चिकित्सा आपूर्ति और अन्य चीजों’’ में मदद करने के बारे में था, लेकिन सोमवार को वेंस ने संकेत दिया कि इस बात की उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान किसी समझौते पर पहुंच सकते हैं।
